Thursday, July 16, 2026 |
Home Editorialमहाकुंभ से व्यापार में 2 लाख करोड़ रुपए की होगी बढ़ोतरी

महाकुंभ से व्यापार में 2 लाख करोड़ रुपए की होगी बढ़ोतरी

by Business Remedies
0 comments
punit jain

प्रयागराज में महाकुंभ शुरू हो गया है। यहां करोड़ों की संख्या में भक्त महास्नान करने पहुंच रहे है। माना जा रहा है कि वर्ष, 2025 से इस क्षेत्र में लगभग 2 लाख करोड़ रुपए का व्यापार होने का अनुमान है। दुनिया का सबसे बड़ा मानव समागम माने जाने वाले व महीने भर चलने वाले आयोजन में करीब 40 करोड़ भक्तों के आने का अनुमान है, जिससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार को काफी बढ़ावा मिलेगा। व्यापार निकाय का भी मानना है कि इस आर्थिक उछाल में आवास और पर्यटन का सबसे बड़ा योगदान होने की उम्मीद है, स्थानीय होटल, गेस्टहाउस और अस्थायी आवास व्यवस्था से 40,000 करोड़ रुपए आने की संभावना है। महाकुंभ में बड़े पैमाने पर आर्थिक और व्यापारिक गतिविधियां होंगी। एक अनुमान के अनुसार धार्मिक यात्रा के दौरान प्रति व्यक्ति औसतन 5,000 रुपए खर्च होने के साथ, कुल खर्च 2 लाख करोड़ रुपए से अधिक होगा। इसमें होटल, गेस्टहाउस, अस्थायी आवास, भोजन, धार्मिक वस्तुओं, स्वास्थ्य सेवा और अन्य सेवाओं पर होने वाला खर्च शामिल है। पैकेज्ड फूड, पानी, बिस्किट, जूस और भोजन सहित खाद्य और पेय क्षेत्र से कुल व्यापार में 20,000 करोड़ रुपए जुडऩे का अनुमान है। साथ ही धार्मिक वस्तुएं और प्रसाद, जैसे तेल, दीपक, गंगा जल, मूर्तियां, अगरबत्ती और धार्मिक पुस्तकें, आर्थिक गतिविधि का एक और प्रमुख क्षेत्र हैं, जो अनुमानित 20,000 करोड़ रुपए का योगदान देते हैं। स्थानीय और अंतरराज्यीय सेवाओं, माल ढुलाई और टैक्सियों सहित परिवहन और रसद से 10,000 करोड़ रुपए का योगदान होने की उम्मीद है। टूर गाइड, ट्रैवल पैकेज और संबंधित गतिविधियों जैसी पर्यटन सेवाओं से 10,000 करोड़ रुपए का योगदान होने की संभावना है। अस्थायी चिकित्सा शिविर, आयुर्वेदिक उत्पाद और दवाइयों से 3,000 करोड़ रुपए आ सकते हैं, जबकि ई-टिकटिंग, डिजिटल भुगतान, वाई-फाई सेवाएं और मोबाइल चार्जिंग स्टेशन जैसे क्षेत्रों से 1,000 करोड़ रुपए का कारोबार होने की उम्मीद है। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने और वैश्विक स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा देने में महाकुंभ के महत्व पर प्रकाश डाला है। इस तरह के बड़े पैमाने के आयोजन न केवल क्षेत्रीय उद्योगों को लाभ पहुंचाते हैं बल्कि राज्य और देश के समग्र आर्थिक विकास में भी योगदान देते हैं।



You may also like

Leave a Comment