भारत जैसे-जैसे डिजिटलाइजेशन के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है वैसे-वैसे साइबर अपराध के मामलों में भी बढ़ोतरी होती जा रही है। यह लोगों के लिए चुनौती बनते जा रहे है। लोग ऑनलाइन गतिविधियों के लिए डिजिटल उपकरणों और नेटवर्क पर निर्भर होते जा रहे हैं। वहीं साइबर अपराधियों के लिए सिस्टम में कमजोरियों का फायदा उठाने के अधिक अवसर पैदा हो रहे हैं। भारत में दुनिया में सबसे अधिक इंटरनेट उपयोगकर्ता हैं, जो साइबर अपराधियों के लिए एक बड़ा बाजार प्रदान कर रहा है। जैसे-जैसे ऑनलाइन संग्रहीत व्यक्तिगत और सरकारी डेटा की मात्रा बढ़ रही है, उससे डेटा उल्लंघनों और गोपनीयता संबंधी चिंताओं का खतरा बढ़ रहा है। अगर सही माना जाए तो आज कई लोगों और उद्यमियों को साइबर खतरों और उनसे बचाव के तरीकों के बारे में पर्याप्त जानकारी भी नहीं है। एक तरफ साइबर अपराध बढऩे में जहां कमजोर कानून व्यवस्था को भी माना जा सकता है। जो इस समस्या को रोकने में कामयाब नहीं हो पा रहा है। सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 (आईटी अधिनियम) भारत में साइबर अपराधों से निपटने के लिए एक कानून है। इसमें अधिकतम ७वर्ष की सजा का प्रावधान है, जबकि यह एक जमानती अपराध है। इसमें साइबर अपराध करने वाला गिरफ्तारी के बाद जमानत पर रिहा हो जाता है। ऐसे में साइबर अपराधियों के हौंसले बुलंद होते जा रहे हैं। अगर इन अपराधियों को कठोर दंड देकर कारावास में ही रखा जाए तो हो सकता है साइबर अपराध में कमी आए। इसके लिए लोगों और उद्यमियों को भी जागरूक रहकर अपने कंप्यूटर और मोबाइल उपकरणों पर सॉफ्टवेयर और ऑपरेटिंग सिस्टम को नियमित रूप से अपडेट करते रहना चाहिए ताकि सुरक्षा खामियों को दूर किया जा सके। वहीं अपने महत्वपूर्ण डेटा का नियमित रूप से बैकअप लेते रहें ताकि किसी भी साइबर हमले या डेटा हानि की स्थिति में उसे पुन: प्राप्त किया जा सके।

