यूनियन बैंक ने 30 जून 2026 को समाप्त तिमाही के वित्तीय परिणाम घोषित किए
मुंबई| यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के निदेशक मंडल ने 30 जून, 2026 को समाप्त तिमाही के लिए बैंक के वित्तीय परिणामों को मंजूरी दे दी है। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में बैंक ने लाभप्रदता, कारोबार, अग्रिमों, रिटेल, कृषि एवं एमएसएमई (रैम) क्षेत्र में वृद्धि के साथ-साथ परिसंपत्ति गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया है।
वित्तीय कार्यनिष्पादन
वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के दौरान बैंक का शुद्ध लाभ 5,332 करोड़ रुपये रहा। इसी अवधि में बैंक की ब्याज आय 27,203 करोड़ रुपये दर्ज की गई।
कारोबार में वृद्धि
बैंक के कुल कारोबार में वर्ष-दर-वर्ष आधार पर 7.46 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस दौरान सकल अग्रिमों में 12.50 प्रतिशत और कुल जमाराशि में 3.50 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। 30 जून, 2026 तक बैंक का कुल कारोबार 23,79,697 करोड़ रुपये रहा।
जमा में वृद्धि
30 जून, 2026 तक बैंक की वैश्विक जमाराशि में वर्ष-दर-वर्ष आधार पर 3.50 प्रतिशत की वृद्धि हुई। बैंक का कुल जमा आधार 12,83,366 करोड़ रुपये रहा।
रिटेल, कृषि एवं एमएसएमई (रैम) क्षेत्र में वृद्धि
बैंक के रिटेल, कृषि एवं एमएसएमई (रैम) क्षेत्र में वर्ष-दर-वर्ष आधार पर 11.56 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। रिटेल अग्रिमों में 12.06 प्रतिशत तथा एमएसएमई अग्रिमों में 16.49 प्रतिशत की वृद्धि हुई। घरेलू अग्रिमों में रैम अग्रिमों की हिस्सेदारी 57.31 प्रतिशत रही।
एनपीए में कमी
30 जून, 2026 तक बैंक का सकल एनपीए वर्ष-दर-वर्ष आधार पर 87 बेसिस पॉइंट घटकर 2.65 प्रतिशत रहा। वहीं शुद्ध एनपीए 15 बेसिस पॉइंट की कमी के साथ 0.47 प्रतिशत दर्ज किया गया।
सशक्त पूंजी अनुपात
30 जून, 2026 तक बैंक का सीआरएआर 18.46 प्रतिशत रहा। सीईटी-1 अनुपात 30 जून, 2025 के 15.30 प्रतिशत से बढ़कर 30 जून, 2026 को 16.38 प्रतिशत हो गया।
प्रतिलाभ
वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के दौरान बैंक का आस्तियों पर प्रतिलाभ (आरओए) 1.36 प्रतिशत तथा इक्विटी पर प्रतिलाभ (आरओई) 17.23 प्रतिशत रहा।
बैंक का नेटवर्क
* 8,700 शाखाएं (विदेशी शाखाओं सहित)
* 8,758 एटीएम
* 28,629 बैंकिंग संवाददाता (बीसी) केंद्र
* 138 एमएलपी (एमएसएमई ऋण केंद्र)
* 143 आरएलपी (खुदरा ऋण केंद्र)
* 117 एमएसएमई फर्स्ट शाखाएं
* 1,671 गोल्ड ऋण केंद्र
* 11 लार्ज कॉर्पोरेट शाखाएं एवं 38 मिड कॉर्पोरेट शाखाएं
* 3 सैमबी एवं 28 एआरबी
वित्तीय समावेशन योजनाएं
सरकार समर्थित योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई), प्रधानमंत्री जन धन योजना (पीएमजेडीवाई) तथा अटल पेंशन योजना (एपीवाई) के माध्यम से बैंक वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई)
यह सरकार समर्थित जीवन बीमा योजना है। 30 जून, 2026 को समाप्त तिमाही के दौरान बैंक ने इस योजना के तहत 2.23 लाख नए नामांकन किए।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई)
यह सरकार समर्थित दुर्घटना बीमा योजना है। 30 जून, 2026 को समाप्त तिमाही में बैंक ने 6.70 लाख नए नामांकन किए।
प्रधानमंत्री जन धन योजना (पीएमजेडीवाई)
30 जून, 2026 तक बैंक ने प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत 15,943 करोड़ रुपये की जमा राशि वाले कुल 3.45 करोड़ खाते खोले हैं। 30 जून, 2025 तक बैंक ने 13,089 करोड़ रुपये की जमा राशि वाले कुल 3.26 करोड़ खाते खोले थे।
अटल पेंशन योजना (एपीवाई)
मुख्य रूप से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए संचालित इस पेंशन योजना के तहत 30 जून, 2026 को समाप्त तिमाही में बैंक ने 2.39 लाख नए नामांकन किए।
महिला उद्यमियों के लिए यूनियन नारी शक्ति योजना
वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के दौरान बैंक ने 321 करोड़ रुपये के 1,817 ऋण आवेदनों को मंजूरी प्रदान की।
हरित पहल हेतु ऋण सुविधा
नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र
30 जून, 2026 तक बैंक ने नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र के लिए 34,363 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए।
यूनियन ग्रीन वाहन
30 जून, 2026 तक यूनियन ग्रीन वाहन योजना के तहत 2,819 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए।

