नई दिल्ली। भारत की प्रमुख विज्ञान-आधारित आयुर्वेद कंपनी डाबर इंडिया लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही के लिए लगभग 3% की वृद्धि के साथ ₹514 करोड़ का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया है, जो पिछले वर्ष की इसी तिमाही में ₹500 करोड़ था। कंपनी का समेकित राजस्व ₹3,405 करोड़ रहा। गर्मी के महीनों के दौरान असमय वर्षा के कारण डाबर के समर-केंद्रित पोर्टफोलियो, विशेष रूप से पेय उत्पादों की श्रेणी, के प्रदर्शन पर प्रभाव पड़ा। हालांकि, इस ऋतुकालीन पोर्टफोलियो को अलग करने पर डाबर का व्यवसाय पहली तिमाही में 7% की दर से बढ़ा।
डाबर इंडिया लिमिटेड के निदेशक मंडल की बैठक में 30 जून 2025 को समाप्त तिमाही के अपरीक्षित वित्तीय परिणामों पर विचार किया गया।
हालांकि तिमाही के दौरान महंगाई का दबाव रहा, फिर भी डाबर ने 2% की ऑपरेटिंग प्रॉफिट ग्रोथ दर्ज की, जो टॉपलाइन ग्रोथ से अधिक है और इसके ब्रांड्स की मजबूती और निष्पादन क्षमता को दर्शाता है। डाबर इंडिया लिमिटेड के सीईओ श्री मोहित मल्होत्रा ने कहा, “यह प्रदर्शन हमारे पोर्टफोलियो के 95% हिस्से में बाजार हिस्सेदारी में ठोस बढ़त की वजह से संभव हुआ है, जो उपभोक्ताओं के विश्वास, हमारे ब्रांड्स की मजबूती और हमारी टीम की चपलता को दर्शाता है।”
पिछली पांच तिमाहियों से ग्रामीण बाजारों ने शहरी क्षेत्रों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है, जो भारत के हृदय-स्थल में बढ़ते उपभोक्ता विश्वास को दर्शाता है। इस तिमाही में भी ‘भारत’ से प्राप्त ग्रोथ शहरी भारत से 390 बेसिस प्वाइंट्स अधिक रही। डाबर ने अपना वितरण नेटवर्क उल्लेखनीय रूप से बढ़ाया है, जिसमें कंपनी की सीधी पहुंच 63,000 आउटलेट्स की वृद्धि के साथ 1.45 मिलियन से बढ़कर 1.52 मिलियन आउटलेट्स हो गई है। गांवों में कवरेज 10,000 नए गांवों के साथ बढ़कर 1.33 लाख गांवों तक पहुंच गई है और ‘योद्धा नेटवर्क’ में 900 नए सदस्य जुड़कर कुल संख्या 19,900 हो गई है। यह उपभोक्ताओं तक डाबर के उत्पादों को पहुंचाने के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।
मल्होत्रा ने कहा, “जहां शहरी बाजारों में मॉडर्न ट्रेड और नए चैनलों के कारण क्रमिक सुधार देखा गया है, वहीं ग्रामीण क्षेत्र अब भी हमारे लिए ग्रोथ का मुख्य इंजन हैं। हमने ग्रामीण क्षेत्रों में अपने पदचिह्न को बढ़ाते हुए, अंतिम मील कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए, विशेष उत्पाद प्रारूपों को शुरू कर इन समुदायों के साथ अपने जुड़ाव और विश्वास को और गहरा किया है।”
श्रेणीवार ग्रोथ
पहली तिमाही में डाबर के मुख्य वर्टिकल्स जैसे डाइजेस्टिव्स, टूथपेस्ट, हेयर केयर, स्किन केयर और होम केयर में स्थिर वृद्धि देखी गई। गर्मियों के दौरान असमय बारिश से पेय और ग्लूकोज जैसी श्रेणियों पर असर पड़ा, लेकिन विविध उत्पाद पोर्टफोलियो और चुस्त सप्लाई चेन ने इस प्रभाव को संतुलित किया।
डाबर रेड पेस्ट और प्रीमियम ब्रांड मेस्वक की बढ़ती मांग के चलते टूथपेस्ट कारोबार में 7.3% की वृद्धि दर्ज की गई। रियल एक्टिव ब्रांड के तहत 100% फ्रूट जूस पोर्टफोलियो में 20% वृद्धि हुई, जबकि डाइजेस्टिव्स पोर्टफोलियो में 7.7% की ग्रोथ रही। होम केयर बिजनेस में 10.1% की वृद्धि हुई, स्किन और सैलून पोर्टफोलियो में 9.2% और हेयर केयर बिजनेस में 7% की सेकेंडरी ग्रोथ दर्ज की गई। डोमेस्टिक बादशाह बिजनेस में 6.5% की वृद्धि हुई।
डाबर ने अपने 95% पोर्टफोलियो में बाजार हिस्सेदारी बढ़ाई। रियल नेक्टर्स में 207 बेसिस प्वाइंट्स, जूस पोर्टफोलियो में 141 बिप्स, हेयर ऑयल में 214 बिप्स (जो 19% के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया), एयर फ्रेशनर्स में 183 बिप्स और च्यवनप्राश में 111 बिप्स की हिस्सेदारी वृद्धि दर्ज की गई।
अंतरराष्ट्रीय कारोबार में वृद्धि
डाबर के अंतरराष्ट्रीय कारोबार में स्थिर मुद्रा (कॉनस्टेंट करंसी) के आधार पर 13.7% की वृद्धि हुई। यूके बिजनेस में 41%, तुर्की में 36%, नमस्ते बिजनेस में 30%, सब-सहारन अफ्रीका में 20%, और MENA क्षेत्र में 10.1% की वृद्धि दर्ज की गई। बांग्लादेश कारोबार में भी 10.2% की स्थिर मुद्रा वृद्धि देखी गई।

