New Delhi,
वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी रहने पर Nifty से जुड़ी कंपनियों की कमाई पर बड़ा असर पड़ सकता है। एक रिपोर्ट में यह चेतावनी दी गई है कि यदि कीमतों में लगातार बढ़ोतरी होती है, तो इसका व्यापक आर्थिक प्रभाव देखने को मिलेगा। रिपोर्ट के अनुसार, 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर हर 10 डॉलर की बढ़ोतरी पर Nifty की कमाई में लगभग 2 से 3 प्रतिशत तक गिरावट आ सकती है। जैसे-जैसे कीमतें और ऊपर जाती हैं, यह असर और अधिक तेज हो सकता है। कच्चे तेल का सीधा संबंध भले ही सूचकांक से सीमित हो, लेकिन इसका असर महंगाई, मुद्रा में कमजोरी और नीतिगत फैसलों के जरिए व्यापक रूप से दिखता है।
बताया गया है कि 60 से 90 डॉलर प्रति बैरल के दायरे में कच्चे तेल की कीमतों का असर धीरे-धीरे पड़ता है, जिससे लंबी अवधि की कमाई वृद्धि दर 10-11 प्रतिशत से घटकर लगभग 7 प्रतिशत रह सकती है। लेकिन 90 डॉलर के ऊपर जाते ही दबाव तेजी से बढ़ने लगता है। महंगाई बढ़ने से उपभोक्ताओं की खरीद क्षमता और बचत पर असर पड़ता है, जिससे उपभोक्ता आधारित क्षेत्रों पर विशेष दबाव बनता है। इसके साथ ही, कच्चे तेल की महंगी कीमतें भारतीय मुद्रा को कमजोर करती हैं, जिससे आयात पर निर्भर उद्योगों जैसे दवा, सीमेंट और रसायन क्षेत्र की लागत बढ़ जाती है।
लॉजिस्टिक्स खर्च बढ़ने से विभिन्न क्षेत्रों की लाभप्रदता भी प्रभावित होती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 90 डॉलर से ऊपर हर 10 डॉलर की वृद्धि पर कमाई में लगभग 4 प्रतिशत तक गिरावट संभव है। यदि कीमतें 120-125 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचती हैं, तो यह गिरावट काफी गंभीर हो सकती है। क्षेत्रवार विश्लेषण में बताया गया है कि वित्तीय क्षेत्र, जो Nifty की कुल कमाई का लगभग आधा हिस्सा देता है, इस स्थिति में अपेक्षाकृत सुरक्षित रह सकता है और उच्च ब्याज दरों से लाभ भी उठा सकता है। सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र को कमजोर मुद्रा से सीमित फायदा हो सकता है।
इसके विपरीत, उपभोक्ता क्षेत्र और आयात पर निर्भर उद्योगों को लागत बढ़ने और मांग घटने का सबसे अधिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। ऊर्जा क्षेत्र में जहां कच्चे तेल के उत्पादन से जुड़ी कंपनियों को लाभ हो सकता है, वहीं तेल विपणन कंपनियों पर दबाव बढ़ेगा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यदि कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी रहती हैं, तो यह कमाई के लिए बड़ा जोखिम साबित हो सकता है। stock market update: सोमवार को घरेलू बाजार में गिरावट देखने को मिली। Sensex 500 अंकों से अधिक यानी 0.72 प्रतिशत गिरकर 72,790 पर बंद हुआ, जबकि Nifty 150 अंक यानी 0.66 प्रतिशत गिरकर 22,561 के स्तर पर आ गया।

