बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, जयपुर एवं भारतीय स्वर्णकार संघ द्वारा आज चैम्बर भवन परिसर में जयपुर, जयपुर ग्रामीण व दूदू के नवनियुक्त जिला कलेक्टर व जिला मजिस्ट्रेट डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी का नागरिक अभिनन्दन समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर राजस्थान चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री के अध्यक्ष डॉ. के. एल. जैन, चैम्बर कार्यकारिणी के सदस्यगण, भारतीय स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दूलीचन्द कडेल तथा संघ के पदाधिकारी, डी.जी.पी. बी. एल. सोनी, जिला उद्योग केन्द्र की महाप्रबंधक शिल्पी पुरोहित सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्व नागरिक एवं आमजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. के. एल. जैन ने जिला कलेक्टर सोनी का राजस्थानी परम्परा अनुसार साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया एवं साथ ही जयपुर शहर के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए शहर के व्यापारियों एवं आमजन को होने वाली परेशानियों से अवगत करावाकर उनके शीघ्र समाधान निकाले जाने हेतु जिला कलेक्टर से आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यातायात प्रदूषण, ट्रेफिक जाम एवं कानून व्यवस्था, व्यापारियों को होटल मालिको को धमकियों का सामना करना पड़ता है।
भारतीय स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दूलीचन्द कडेल की ओर से भी इस अवसर पर जिला कलेक्टर का अभिनन्दन किया गया। अभिनन्दन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधीष डॉ. सोनी ने कहा कि वे जयपुर के विकास के प्रति कृत संकल्पित है और राजस्थान चैम्बर द्वारा उनके समक्ष लाई गई समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान करने का प्रयास करेंगें।
अंत में राजस्थान चैम्बर ऑफ कॉमर्स के मानद महासचिव बी. बी. शर्मा ने सभी सम्माननीय अतिथियों के साथ ही समारोह में उपस्थित महानुभावों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

