बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। श्री गिरिधारी दाऊजी मन्दिर, इस्कॉन जयपुर अध्यक्ष पंचरतन दास ने बताया कि दिनांक 09.07.2024, को श्री जगन्नाथ रथ यात्रा का इस्कॉन के द्वारा आयोजन किया जा रहा है। इस्कॉन द्वारा देश-विदेशों में प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली भगवान श्री जगन्नाथ की सुप्रसिद्ध एवं भव्य रथ यात्रा इस्कॉन, जयपुर के गिरिधारी मन्दिर के तत्वाधान में विश्वकर्मा औधोगिक क्षेत्र, सीकर रोड के नजदीक मुरलीपुरा स्कीम में पहली बार निकाली जा रही है। भगवान् श्री जगन्नाथ के रथ को अपने हाथों से खींचने का स्वर्णिम पुण्य अवसर मुरलीपुरा, पानीपेच, विद्याधर नगरवासियों को प्रथम बार मिलने जा रहा है। यात्रा के अन्तर्गत इस्कॉन के विदेशों में स्थित इटली, मॉस्को, वांशिगटन, लंदन आदि व इस्कॉन के भारत वर्ष से अहमदाबाद, बडौदा, दिल्ली, उज्जैन, कानपुर व इस्कॉन के अपने राजस्थान प्रदेश से उदयपुर, भीलवाड़ा, कोटा, अजमेर, सीकर, विजय नगर, जोधपुर, चित्तौड़, सरदारशहर, हनुमानगढ़, श्री गंगानगर, बीकानेर आदि स्थानों से भक्तगण समामेलित होंगे तथा विभिन्न कीर्तन दल बनाकर महाहरिनाम संकीर्तन किया जाएगा। रथयात्रा से पूर्व व बाद में पाँच दिनों तक शहर के विभिन्न गण्मान्य भक्तगणों के घरों में भगवान् जगन्नाथजी की अगवानी की जाएगी। इस अवसर पर इन श्रद्धालुओं को भगवान् जग्गनाथ बलदेव सुभद्रा का अपने घर पर आतिथ्य-सत्कार करने का सुवसर मिलेगा। संध्या के समय इन स्थानों पर बहुत धूमधाम एवं हर्षोल्लास से महाहरिनाम संकीर्तन, जगन्नाथ लीला प्रवचन तथा महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा। श्री जगन्नाथ रथ यात्रा शहर के मुरलीपुरा के केडीया पैलेस चौराहा से दोपहर 3 बजे से प्रारम्भ होकर माताजी मन्दिर चौराहा, प्रताप नगर चौराहा, वीमार्ट चौराहा, सीकर रोड नंबर-1, सीकर रोड नंबर-2, लाल डब्बा चौराहा, मुरलीपुरा स्कीम सर्किल, केडीया पैलेस चौराहा तक वापस जाएगी। रथयात्रा में केडीया पैलेस चौराहा व मुरलीपुरा स्कीम चौराहा पर भगवान श्री जगन्नाथ की आरती गणमान्यजनों द्वारा की जाएगी।

