नई दिल्ली। Berger Paints India Limited ने 31 दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही के अपने वित्तीय परिणाम जारी किए हैं। तिमाही की शुरुआत चुनौतीपूर्ण रही, क्योंकि अक्टूबर में मॉनसून लंबा खिंचने और त्योहारों का मौसम छोटा रहने से बिक्री पर असर पड़ा। हालांकि इसके बाद के महीनों में मांग धीरे-धीरे सुधरी और पूरी तिमाही के दौरान कंपनी ने 8.5 प्रतिशत की मजबूत वॉल्यूम ग्रोथ दर्ज की।
तिमाही के दौरान ग्रॉस मार्जिन में उल्लेखनीय सुधार हुआ और यह पिछली 15 तिमाहियों के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच गया। इससे कंपनी को ईबीआईटीडीए को अपने निर्धारित लक्ष्य के दायरे में बनाए रखने में मदद मिली। हालांकि, स्केल का पूरा लाभ न मिलने और ब्रांड पर निरंतर निवेश के कारण ईबीआईटीडीए प्रतिशत में हल्की गिरावट रही। प्रबंधन को उम्मीद है कि आने वाले महीनों में इसमें और सुधार दिखाई देगा।
मुख्य फोकस सेगमेंट—वॉटरप्रूफिंग, कंस्ट्रक्शन केमिकल्स और वुड कोटिंग्स—में कंपनी ने मजबूत और निरंतर वृद्धि दर्ज की है। नेटवर्क विस्तार और शहरी बाजारों में किए गए रणनीतिक प्रयासों के चलते महीने-दर-महीने सकारात्मक सुधार देखने को मिला है, जिससे आगे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
ऑटोमोटिव कोटिंग्स सेगमेंट में मिड-सिंगल डिजिट की संतोषजनक वृद्धि दर्ज की गई, जबकि प्रोटेक्टिव कोटिंग्स और जनरल इंडस्ट्रियल कोटिंग्स में भी बढ़ोतरी रही।
अंतरराष्ट्रीय और सहयोगी इकाइयों के प्रदर्शन की बात करें तो BJN नेपाल के नतीजे सकारात्मक रहे, हालांकि वहां की राजनीतिक अस्थिरता का कुछ असर पड़ा। एसटीपी लिमिटेड को जमशेदपुर स्थित इकाई में अस्थायी बंद के कारण नुकसान हुआ, लेकिन अब परिचालन सामान्य हो चुका है। एसबीएल स्पेशलिटी कोटिंग्स प्राइवेट लिमिटेड (SBL) का प्रदर्शन फैन उद्योग में मंदी और निर्यात में कमी के कारण प्रभावित हुआ। साथ ही, चंडीगढ़ के पास नई फैक्ट्री शुरू करने में एकमुश्त खर्च का असर मुनाफे पर पड़ा। दूसरी ओर, संयुक्त उपक्रम BNPA और बर्जर बेकर ने टॉपलाइन और बॉटमलाइन दोनों स्तरों पर मजबूत दहाई अंकों की वृद्धि दर्ज की।
कंपनी ने संकेत दिया है कि विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के कारण निकट भविष्य में मार्जिन पर कुछ दबाव बना रह सकता है। इसके बावजूद, घरेलू मांग के संकेतकों में सभी सेगमेंट्स में क्रमिक सुधार और महीने-दर-महीने बढ़ती मांग आगे के लिए सकारात्मक संकेत दे रही है। कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले महीनों के नतीजे इन सुधारों को और स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करेंगे।

