बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। हरियाणा आधारित ‘Archit Nuwud Industries Limited’ कई प्रकार के एमडीएफ और एचडीएफ बोर्ड्स के साथ विभिन्न किस्मों की प्रीलेमिनेटेड शीट्स का निर्माण करने वाली प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी, अर्चित पैनल्स प्राइवेट लिमिटेड (यानी एपीपीएल) में इक्विटी निवेश के माध्यम से निवेश करने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। आरएचपी के मुताबिक कंपनी सहायक कंपनी, अर्चित पैनल्स प्राइवेट लिमिटेड में १३३.५८ करोड़ रुपए का निवेश करेगी। Business Remedies की टीम ने कंपनी के आरएचपी से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।
यह करती है कंपनी: ‘Archit Nuwud Industries Limited’ का इनकॉरपोरेशन वर्ष 2017 में हुआ था। कंपनी एमडीएफ और एचडीएफ बोर्डों की व्यापक रेंज और विभिन्न किस्मों की प्रीलेमिनेटेड शीट्स का निर्माण करती है। कंपनी की फैक्ट्री टोहाना में स्थित है और एमडीएफ और एचडीएफ प्लांट के साथ-साथ शॉर्ट साइकिल प्रेस से सुसज्जित है। प्रीलैमिनेटेड रेंज में सॉलिड, वुड ग्रेन शेड्स और फैब्रिक और स्टोन सजावट जैसे विभिन्न प्रकार के टेक्सचर, मैट से प्रीलैमिनेटेड बोर्ड की सतह तक बारीक रूप से तैयार की गई बनावट वाली कौल प्लेटें शामिल हैं। कंपनी के उत्पादों में कैलिफोर्निया एयर रिसोर्सेस बोर्ड भी शामिल है।
कंपनी के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में एमडीएफ प्री लेमिनेटेड इंटीरियर,प्री लेमिनेटेड एक्सटीरियर, प्लेन एक्सटीरियर एमडीएफ, एचडीएफ प्री लेमिनेटेड हाई डेंसिटी फाइबर बोर्ड,प्लेन हाई डेंसिटी फाइबर बोर्ड, प्लेन कैलिफोर्निया एयर रिसोर्सेस बोर्ड, प्री लेमिनेटेड कैलिफोर्निया एयर रिसोर्सेस बोर्ड और हाई प्रेशर लैमिनेट्स शामिल हैं। कंपनी को 7 वर्षों का निर्माण अनुभव है। कंपनी के देश भर में 3500 से अधिक रिटेलर्स हैं। कंपनी 12 ब्रांड्स के माध्यम से अपने उत्पादों की बिक्री करती है। कंपनी की उत्पादन क्षमता 360 बीसीएम प्रतिदिन की है। वर्तमान में कंपनी अपनी उत्पादन क्षमता का 60.66 फीसदी इस्तेमाल कर रही है। कंपनी ने बिक्री का राष्ट्रीय नेटवर्क स्थापित किया है और करीब 2000 डीलर-डिस्ट्रीब्यूटर के माध्यम से कंपनी अपने उत्पादों की बिक्री करती है।
वित्तीय प्रदर्शन : वित्त वर्ष 2021 में कंपनी ने कुल राजस्व 39.60 करोड़ रुपए एवं 3.04 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने कुल राजस्व 134.25 करोड़ रुपए एवं 4.43 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2023 में 152.32 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 21.27 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 185.40 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 36.92 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। कंपनी के वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी का राजस्व एवं कर पश्चात शुद्ध लाभ वर्ष दर वर्ष बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2024 तक कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन 20.07 फीसदी दर्ज किया गया है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी की आरओसीई 40.38 फीसदी और आरओई 57.41 फीसदी दर्ज की गई है। कंपनी का कर्ज इक्विटी रेश्यो 0.37 गुना का है। इस आधार पर कह सकते हैं कि कंपनी पर कर्ज भार अधिक नहीं है।
IPO के संबंध में जानकारी: ‘Archit Nuwud Industries Limited’ का IPO BSE SME Platform पर 30 अगस्त को खुलकर 3 सितंबर 2024 को बंद होगा। कंपनी द्वारा 10 रुपए फेसवैल्यू के 62,40,000 फ्रेश इक्विटी शेयर जारी कर पूंजी जुटाई जाएगी। आईपीओ का प्रबंध प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी शेयर इंडिया केपिटल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
प्रवर्तकों का अनुभव

70 वर्षीय प्रेम चंद कंपनी के बोर्ड के कार्यकारी निदेशक और अध्यक्ष हैं, जिनके पास विविध व्यवसाय चलाने का तकनीकी और प्रशासनिक अनुभव है। वर्ष 1962 में उन्होंने टोहाना में रोहन लाल प्रेम चंद के नाम से सरसों और कपास मिल का व्यवसाय चलाने के लिए कारोबार शुरू किया। 1985 में, उन्होंने उच्च घनत्व और कम घनत्व वाली प्लास्टिक फैक्ट्री का अतिरिक्त व्यवसाय आर.एस.प्लास्टिक उद्योग शुरू किया। इसे वर्ष 2000 में बंद कर दिया गया। इसके अलावा, 1987 में उन्होंने डब्ल्यू.आर. आटा मिल शुरू की। इसके अलावा, वर्ष 1999 में उन्होंने अर्चित” ब्रांड नाम के तहत उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में माचिस का निर्माण और व्यापार शुरू किया।

45 वर्षीय विनोद कुमार सिंगला कंपनी के प्रबंध निदेशक हैं। वे वर्ष 1995 में पारिवारिक व्यवसाय में शामिल हुए और वर्ष 2000 में कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। वे कंपनी के लिए विनिर्माण प्रक्रिया के प्रबंधन में शामिल है। उन्हें करीब १२ वर्षों से ज्यादा का कारोबारी अनुभव है।

43 वर्षीय विनीत कुमार कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक हैं। उन्होंने वर्ष 1998 में अपनी मैट्रिक की डिग्री पूरी की और वर्ष 1995 में पारिवारिक व्यवसाय में शामिल हो गए। वे कंपनी के लिए विपणन और बिक्री रणनीति विकास प्रक्रिया में शामिल हैं। उन्हें भी करीब ११ वर्षों से ज्यादा का कारोबारी अनुभव है।

