बिजऩेस रेमेडीज/जयपुर Apex University और जयपुर Physiotherapy नेटवर्क द्वारा आयोजित फिजियोथेरेपी पर केंद्रित नेशनल कॉफ्रेंस फेमकॉन-2025 में देश भर से 1500 से अधिक फिजियोथेरेपी छात्रों, अनुभवी प्रोफेशनल्स और विख्यात विशेषज्ञों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सीतापुरा स्थित Apex कैंपस में आयोजित इस कॉन्फ्ऱेन्स का उद्घाटन मुख्य अतिथि भारत की पहली पैरा ओलंपिक गोल्ड मेडल विजेता अवनी लखेरा ने किया। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में छात्रों के साथ अपने जीवन के अनुभवों को साझा किया और बताया कि कैसे Physiotherapy ने उन्हें शारीरिक चुनौतियों के बावजूद जीवन में आगे बढऩे का अटूट हौसला प्रदान किया। उन्होंने सशक्त शब्दों में कहा, कि फिजियोथेरेपी हमें यह महत्वपूर्ण सीख देती है कि कोई भी शारीरिक कमी हमारी प्रगति में बाधा नहीं बन सकती। यदि हमारी सोच दृढ़ है, तो हम समाज के उतने ही अभिन्न अंग बन सकते हैं जितना कि कोई और। इस ज्ञानवर्धक कांफ्रेंस में डॉ. केतन भटनागर, डॉ. समाना सय्यर और 50 से अधिक अन्य प्रतिष्ठित विशेषज्ञों ने अपने सारगर्भित व्याख्यानों और प्रस्तुतियों के माध्यम से फिजियोथेरेपी के विविध और महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को उनके करियर की संभावनाओं, नवीनतम अनुसंधान विधियों और व्यावहारिक ज्ञान को समृद्ध करने के लिए बहुमूल्य मार्गदर्शन प्रदान किया। इस दौरान 100 से अधिक शोध पत्र भी प्रस्तुत किए गए, जो क्षेत्र में हो रहे नवीन अनुसंधानों को दर्शाते हैं। दो दिनों तक चले इस व्यापक कार्यक्रम में शिक्षा के साथ-साथ मनोरंजन और रचनात्मक गतिविधियों का भी समावेश रहा। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों जैसे रैम्प वॉक, मनमोहक नृत्य और संगीतमय प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों के साथ-साथ डॉक्टर्स ने भी सक्रिय रूप से भाग लेकर कार्यक्रम में एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
Apex University के कुलपति प्रो सोमदेव शतांशु व रजिस्ट्रार डॉ पंकज कुमार शर्मा ने सभी गणमान्य अतिथियों और उत्साही प्रतिभागियों का हार्दिक स्वागत किया। अपेक्स यूनिवर्सिटी डिपार्टमेंट ऑफ़ फिजियोथेरेपी के डॉ. पीयूष धाकड़ और जयपुर फिजियोथैरेपी नेटवर्क से डॉ. अतुल सिंह ने कार्यक्रम ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।

