Monday, August 24, 2026 |
Home Breaking Newsपांच दिन में जनता को दूसरा झटका

पांच दिन में जनता को दूसरा झटका

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में एक बार फिर 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी

by Business Remedies
0 comments

नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क | देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। मंगलवार को तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक का इजाफा किया। पिछले एक हफ्ते के भीतर यह दूसरी बार है, जब ईंधन महंगा किया गया है। इससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ और महंगाई बढऩे की संभावना है। इससे पहले गत शुक्रवार 15 मई को भी पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब परिवहन से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक दिखाई देने लगा है। देश की राजधानी में पेट्रोल की कीमतें 97.77 से अब बढक़र 98.64 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गई है, जबकि डीजल की दरें 90.67 से बढक़र 91.58 रुपए प्रति लीटर हो गई है।

कच्चे तेल की कीमतों में तेजी रहा कारण
फरवरी में शुरू हुए ईरान युद्ध के चलते दुनियाभर में कच्चे तेल की कीमतों में जबरदस्त तेजी आई है। इसे देखते हुए सरकारी खुदरा पेट्रोलियम कंपनियों ने अपने बढ़ते नुकसान का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालने का फैसला किया। इससे पहले पश्चिम बंगाल समेत कुछ राज्यों में विधानसभा चुनावों के बीच ईंधन के दाम स्थिर रखे गए थे।

सीएनजी के भी दो बार बढ़े दाम
पेट्रोल-डीजल के अलावा सीएनजी की कीमतों में भी गत 5 दिनों में अब तक दो बार बढ़ोतरी हो चुकी है। पेट्रोल और डीजल के अलावा गत शुक्रवार को ही दिल्ली और मुंबई सहित कई शहरों में सीएनजी की कीमतों में दो रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं रविवार को सीएनजी की कीमत में फिर से एक रुपए प्रति किलोग्राम का इजाफा किया गया।

एलपीजी गैस की कीमतों में पहले हो चुकी 60 रुपए की बढ़ोतरी
घरेलू खाना पकाने की गैस एलपीजी की कीमत में मार्च में 60 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई, लेकिन यह अभी भी वास्तविक लागत से काफी कम है। तेल कंपनियों को 14.2 किलोग्राम एलपीजी के एक सिलेंडर पर 674 रुपए का नुकसान हो रहा है।

प्राइवेट ऑयल रिटेलर्स भी बढ़ा चुके हैं दाम
प्राइवेट ऑयल रिटेलर्स ने पहले ही पेट्रोल की कीमतें बढ़ा दी थीं। देश की सबसे बड़ी प्राइवेट फ्यूल रिटेलर नायरा एनर्जी ने मार्च में पेट्रोल की कीमत में 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की, जबकि शेल ने एक अप्रैल से पेट्रोल की कीमत में 7.41 रुपए और डीजल की कीमत में 25 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की। बेंगलुरु में शेल 119.85 रुपए प्रति लीटर और डीजल 123.52 रुपए प्रति लीटर पर बेच रही है।

क्रूड ऑयल में 50 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी
अमेरिका और इजराइल के 28 फरवरी को ईरान पर किए गए हमले और तेहरान की जवाबी कार्रवाई के बाद वैश्विक तेल की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण रूट होर्मुज स्ट्रेट के बाधित होने से वैश्विक कच्चे तेल की कीमतें 50 फीसदी से अधिक की बढ़ चुकी हैं। इसके बावजूद खुदरा ईंधन की दरें दो साल पुरानी दरों पर ही स्थिर रखी गईं।



You may also like

Leave a Comment