नई दिल्ली : Airtel Payments Bank ने 31 दिसंबर, 2024 को समाप्त हुई तिमाही के लिए अपने समेकित परिणामों की घोषणा की। कंपनी ने 49 प्रतिशत की साल दर साल वृद्धि के साथ 700 करोड़ रुपये से अधिक का त्रैमासिक राजस्व दर्ज किया है। बैंक का शुद्ध लाभ 70 प्रतिशत की साल दर साल वृद्धि के साथ 18.5 करोड़ रुपये रहा। एबिट्डा में 66 प्रतिशत की साल दर साल वृद्धि हुई और यह वित्तवर्ष 2025 की तीसरी तिमाही में 87 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
इस तिमाही के दौरान बैंक के मासिक विनिमय करने वाले यूज़र्स (MTU) 62 प्रतिशत की साल दर साल वृद्धि के साथ 100 मिलियन से ज्यादा थे। वार्षिक सकल मर्चेंडाईज़ वैल्यू (GMV) 4,000 करोड़ रुपये के करीब पहुँच गई, जिससे प्रदर्शित होता है कि लोगों द्वारा बैंक के डिजिटल बचत खाते, मर्चैंट प्रस्तावों और अन्य उत्पादों को अपनाए जाने में वृद्धि हो रही है। ग्राहकों के बैलेंस में भी मजबूत वृद्धि दर्ज की गई और यह 42 प्रतिशत की साल दर साल वृद्धि के साथ 3,332 करोड़
रुपये को पार कर गया।
एयरटेल पेमेंट्स बैंक के एमडी एवं सीईओ, अनुब्रत बिस्वास ने कहा, ‘‘हमें एयरटेल पेमेंट्स बैंक के लिए एक और तिमाही में मजबूत वृद्धि दर्ज करने की खुशी है, जिससे हमारे बैंकिंग मॉडल की शक्ति प्रदर्शित होती है। एक पूर्णतः इंटीग्रेटेड, टेक्नोलॉजी-संचालित बैंकिंग प्लेटफॉर्म के रूप में हम शहरी और ग्रामीण ग्राहकों की विभिन्न जरूरतों को पूरा करते रहेंगे। हम भारत के तीसरे सबसे बड़े मोबाईल बैंक बन गए हैं, जो एक सुरक्षित दूसरे खाते के लिए ग्राहकों का पसंदीदा विकल्प है।’’
इस वृद्धि में एयरटेल पेमेंट्स बैंक की डिजिटल पेशकशों को मजबूती से अपनाए जाने से मदद मिली। अपने दैनिक लेन-देन के लिए ज्यादा ग्राहक सुरक्षित डिजिटल खाते को चुन रहे हैं। यह बैंक बी2बी अर्बन ट्रांज़िट सेगमेंट में भी सबसे आगे है, जो आज तक 1.7 मिलियन से अधिक रुपे एनसीएमसी इनेबल्ड कार्ड जारी कर चुका है। व्यापारियों के लिए एयरटेल पेमेंट्स बैंक के इनोवेटिव साउंडबॉक्स सहित कंपनी की मर्चैंट पेशकशों को व्यापारिक समुदायों द्वारा अपनाए जाने में लगातार वृद्धि हो रही है। बैंक देश के दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में भी अपने समाधानों को अपनाए जाने में लगातार वृद्धि दर्ज कर रहा है।
एयरटेल पेमेंट्स बैंक भारत में डिजिटल बैंकिंग के क्षेत्र में मुख्य भूमिका निभा रहा है। यह तीन महत्वपूर्ण ग्राहक वर्गों, अर्बन डिजिटल, अंडरबैंक्ड, और उद्योगों एवं संस्थानों की जरूरतों को पूरा कर रहा है। इस बैंक के माध्यम से हर साल 8 बिलियन से अधिक लेनदेन होते हैं। अपने 500,000 से अधिक बैंकिंग पॉईंट्स के नेटवर्क द्वारा एयरटेल पेमेंट्स बैंक वित्तीय सेवाओं को सबसे दूरदराज के इलाकों तक ले गया है। इनमें से 97,000 बैंकिंग पॉईंट महिलाओं द्वारा चलाए जाते हैं, जिससे स्थानीय समुदायों को और ज्यादा मजबूती मिल रही है। एक 46 बिलियन अमेरिकी डॉलर की पेमेंट्स कंपनी के रूप में एयरटेल पेमेंट्स बैंक डिजिटल लेनदेन में मुख्य भूमिका निभाते हुए भारत में वित्तीय समावेशन ला रहा है और व्यवसायों को सशक्त बना रहा है। यह देश में माईक्रो कैश के क्षेत्र में सबसे बड़ा संस्थान है। बैंक 4,000 से अधिक कॉर्पोरेट ग्राहकों के साथ अपनी साझेदारी द्वारा हर माह 8,000 करोड़ रुपये के कैश लेनदेन को डिजिटाईज़ कर रहा है।

