Sunday, August 9, 2026 |
Home Corporate Worldआज खुलेगा ‘Airfloa Rail Technology Limited’ का IPO

आज खुलेगा ‘Airfloa Rail Technology Limited’ का IPO

निवेशक 15 सितम्बर 2025 तक कर सकेंगें कंपनी के आईपीओ में आवेदन

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। चेन्नई आधारित एयरफ्लोआ रेल टेक्नोलॉजी लिमिटेड भारतीय रेलवे के रोलिंग स्टॉक के लिए कॉम्पोनेंट्स का निर्माण करने वाली प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा मशीनरी और उपकरणों की खरीद हेतु पूंजीगत व्यय राशि जुटाने, कंपनी द्वारा लिए गए कुछ बकाया उधारों के एक हिस्से का पुनर्भुगतान, कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं का वित्तपोषण और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर १५ सितम्बर को बंद होगा।

कारोबारी गतिविधियां: दिसंबर 1998 में निगमित, एयरफ्लोआ रेल टेक्नोलॉजी लिमिटेड इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) और अन्य कोच फैक्ट्रियों जैसी उत्पादन इकाइयों के माध्यम से भारतीय रेलवे के रोलिंग स्टॉक के लिए कॉम्पोनेंट्स का निर्माण करती है। कंपनी भारतीय रेलवे के लिए रोलिंग स्टॉक के पुर्जे और आंतरिक प्रोजेक्ट्स का निर्माण करती है और एयरोस्पेस एवं रक्षा के लिए जटिल, महत्वपूर्ण पुर्जे बनाती है। कंपनी ने श्रीलंकाई डेमू, मेनलाइन कोच, आगरा-कानपुर मेट्रो, आरआरटीएस, विस्टाडोम कोच और ट्रेन-18 वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए रोलिंग स्टॉक के पुर्जे बनाए और आंतरिक परियोजनाओं का प्रबंधन किया। कंपनी भारतीय रेलवे के लिए एक प्रमुख आपूर्तिकर्ता है, जो रोलिंग स्टॉक के लिए उच्च-परिशुद्धता वाले पुर्जे और टर्नकी आंतरिक साज-सज्जा का निर्माण करती है। कंपनी एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्रों में भी अपनी सेवाएँ प्रदान कर रही है और एएमसीए ग्राउंड सिमुलेटर और आर्टिलरी टैंक बॉडी जैसी परियोजनाओं के लिए पुर्जे बनाती है।

वित्तीय प्रदर्शन : स्टैंडलोन बैलेंसशीट के अनुसार वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 95.32 करोड़ रुपए का कुल राजस्व और 1.49 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 122.87 करोड़ रुपए का परिचालन राजस्व और 14.23 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 192.66 करोड़ रुपए का परिचालन राजस्व और 25.55 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि साल दर साल कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन अच्छा होता जा रहा है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 13.2८ फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है।

आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘एयरफ्लोआ रेल टेक्नोलॉजी लिमिटेड’ का आईपीओ बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आज खुलकर 15 सितम्बर 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 6507000 शेयर 133 से 140 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 91.10 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1000 शेयरों का है और निवेशकों को कुल 2 लॉट के लिए आवेदन करना होगा। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी जीवाईआर कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।



You may also like

Leave a Comment