अहमदाबाद,
अडानी समूह के विविध पोर्टफोलियो का हिस्सा ACC लिमिटेड ने दिसंबर 31 को समाप्त तिमाही Q3 FY26 के लिए शानदार वित्तीय परिणाम घोषित किए हैं। कंपनी का कर पश्चात लाभ 346 प्रतिशत की जोरदार वृद्धि के साथ Rs.380 करोड़ पर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में उल्लेखनीय बढ़त है। यह वृद्धि सामान्यीकृत आधार पर दर्ज की गई है। कंपनी ने इस तिमाही में अब तक का सबसे अधिक तिमाही राजस्व भी दर्ज किया, जो 22 प्रतिशत बढ़कर Rs.6,483 करोड़ रहा। साथ ही, बिक्री की मात्रा 15 प्रतिशत बढ़कर 11.3 मिलियन टन हो गई, जो कंपनी के इतिहास में सबसे अधिक तिमाही वॉल्यूम है।
कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनोद बहेती ने कहा कि कंपनी ने अपनी विकास गति को बरकरार रखा है और यह लगातार दूसरी मजबूत तिमाही रही है। उन्होंने बताया कि व्यापार और प्रीमियम सीमेंट की अधिक बिक्री तथा रेडी मिक्स कंक्रीट कारोबार के विस्तार से उद्योग के अन्य प्रतिस्पर्धियों की तुलना में बेहतर प्राप्ति हुई है और मुख्य क्षेत्रों में बाजार स्थिति मजबूत हुई है। तिमाही के दौरान कंपनी ने एक महत्वपूर्ण रणनीतिक कदम की घोषणा की, जिसके तहत ACC लिमिटेड का विलय अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड में किया जाएगा। इस एकीकृत संरचना को ‘One Cement Platform’ के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य विकास की रफ्तार बढ़ाना, परिचालन दक्षता में सुधार करना, पूंजी उपयोग को बेहतर बनाना और दीर्घकालिक मूल्य सृजन को मजबूत करना है।
बहेती ने बताया कि इस प्रस्तावित एकीकरण से खरीद, विनिर्माण और वितरण प्रक्रियाओं में बेहतर तालमेल स्थापित होगा और वैधानिक स्वीकृतियों के बाद इससे लागत और दक्षता दोनों में सुधार की उम्मीद है कंपनी ने जानकारी दी कि 21 नवंबर 2025 से नए श्रम कानून लागू होने के बाद अतिरिक्त ग्रेच्युटी और अवकाश नकदीकरण दायित्वों के मद्देनजर Rs.50 करोड़ को असाधारण व्यय के रूप में दर्ज किया गया है। ACC अपनी मूल कंपनी के साथ मिलकर लागत नेतृत्व पर काम कर रही है और One Cement Platform के अंतर्गत FY28 तक प्रति मीट्रिक टन लागत को Rs.3,650 तक लाने का लक्ष्य रखा गया है। कंपनी ने बताया कि सलई बनवा स्थित 2.4 एमटीपीए और कलंबोली स्थित 1.0 एमटीपीए क्षमता वाली सीमेंट ग्राइंडिंग इकाइयां Q4 FY26 में शुरू होने की दिशा में अग्रसर हैं। बाजार मोर्चे पर ACC गोल्ड के नेतृत्व वाला प्रीमियम पोर्टफोलियो बेहतर EBITDA मार्जिन प्रदान कर रहा है। व्यापार और प्रीमियम उत्पादों की बढ़ती हिस्सेदारी से भविष्य में भी बेहतर प्राप्ति की संभावना जताई गई है। कंपनी ने अपने एक लाख से अधिक डीलर और रिटेलर नेटवर्क तथा सात लाख से अधिक राजमिस्त्री और ठेकेदार सहयोगियों का आभार व्यक्त किया, जो अडानी सीमेंट परिवार की ताकत हैं। इसके अतिरिक्त, कंक्रीट कारोबार का विस्तार करते हुए वर्ष दर वर्ष 14 नए संयंत्र जोड़े गए हैं और अब कंपनी के पास 45 शहरों में कुल 117 संयंत्र संचालित हैं।

