बिजनेस रेमेडीज़/ब्यावर। श्री सीमेंट के ब्यावर संयंत्र स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर प्रांगण में 7 अप्रैल से प्रारंभ हुई हनुमान कथा 9 अप्रैल तक चलेगी। यह तीन दिवसीय आध्यात्मिक आयोजन भक्ति, ज्ञान और साधना की त्रिवेणी है, जो देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को एक साथ जोड़ता है। कथा का आयोजन श्रद्धेय स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज द्वारा किया जा रहा है, जिनके गूढ़ प्रवचनों से लाखों श्रद्धालु आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त कर रहे हैं।
पिछले 24 वर्षों से यह आयोजन भगवान सकंट मोचन हनुमान के प्रति श्री परिवार की आस्था और कृतज्ञता का प्रतीक रहा है।
आयोजन के आज के दिन की शुरूआत प्रात: 6:00 बजे मंगला आरती के साथ की गई, तदोपरांत प्रात: 8:30 बजे श्री संकटमोचन हनुमानजी का विशेष अभिष्ेाक किया गया, जिसमें विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ बांगड़ परिवार के मुखिया बी.जी. बांगड़ ने श्रीयुत् एच.एम. बांगड, श्रीयुत् प्रशांत बांगड एवं समस्त परिवारजनों के साथ बालाजी का विशेष अभिषेक किया गया। साथ ही स्वामी गोविन्ददेव महाराज द्वारा भी बालाजी का अभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की गई।
इस पवित्र कथा को श्रवण करने हेतु प्रदेश के ख्याति प्राप्त गणमान्य अतिथि पंडाल में मौजूद रहे, जिसमें अविनाश गहलोत, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री-राजस्थान सरकार, यूनुस खान, पूर्व कैबिनेट मंत्री-राजस्थान सरकार, चन्द्रभान सिंह आक्या-विधायक चितौडगढ़, उमाशंकर, विश्व हिन्दू परिषद के केन्द्रीय समिति सदस्य विरेन्द्र कानावत, विधायक, मसूदा अजमेर संभागीय आयुक्त महेश चंद्र शर्मा, ओमप्रकाश, उप-महानिरीक्षक, पुलिस अजमेर रेंज, डॉ. महेन्द्र सिंह खडगावत, ब्यावर जिला कलेक्टर, श्याम सिंह, ब्यावर पुलिस अधीक्षक, मोहनलाल खटनावलिया-अति. जिला कलेक्टर ब्यावर, कुलदीप सिंह शेखावत, उपखण्ड अधिकारी, मसूदा आदि उपस्थित रहे।
स्वामीजी के प्रवचनों ने एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव दिया
इस पावन अवसर पर श्री सीमेंट के मैनेजिंग डायरेक्टर नीरज अखौरी ने कहा कि स्वामीजी के प्रवचनों ने हमें एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव दिया है, जहाँ हम अपनी व्यस्त दिनचर्या से हटकर हनुमानजी की भक्ति में लीन हो सके। उनके उपदेश हमें साहस, निष्ठा और नि:स्वार्थ सेवा के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं, जो न केवल अच्छे नेतृत्व की पहचान हैं, बल्कि एक सहानुभूतिपूर्ण और एकजुट समाज के निर्माण में भी सहायक हैं।

