बिजनेस रेमेडीज़/नई दिल्ली। देश में सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंकों में से एक बैंक ऑफ बड़ौदा ने आज ओडि़शा और झारखंड में ‘महिलाओं द्वारा, महिलाओं के लिए’ के ध्येय के तहत पांच महिला बैंक शाखाएं शुरू करने की घोषणा की है। पूरी तरह से महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित इन शाखाओं को बैंक की महिला कर्मचारियों और महिला ग्राहकों के साथ-साथ आम ग्राहकों के लिए एक सहयोगी और सशक्त परिवेश बनाने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है। बैंक ने ओडि़शा में ऐसी तीन और झारखंड में ऐसी दो नई शाखाओं की शुरुआत की है। इन 5 शाखाओं में से तीन शहरी क्षेत्र की शाखाएं हैं और दो ग्रामीण क्षेत्रों में हैं।
यह पहल महिलाओं के सशक्तीकरण, उनकी वास्तविक क्षमता को उजागर करने और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने की दिशा में बैंक की सतत् प्रतिबद्धता का एक हिस्सा है। इन शाखाओं के संपूर्ण परिचालन के प्रबंधन में महिला कर्मचारियों को आगे आने के लिए प्रोत्साहित करते हुए बैंक उन्हें पेशेवर वृद्धि के लिए अच्छे अवसर प्रदान कर रहा है और साथ ही, उन्हें बैंक के नेतृत्व में उच्च भूमिकाओं का निर्वहन करने हेतु प्रेसरित भी कर रहा है।
पांचों महिला शाखाएं महिला ग्राहकों की सेवा करने और उनकी अनूठी बैंकिंग आवश्यकताओं को पूरा करने पर अधिक जोर देने के साथ-साथ सभी ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करेंगी। शाखाएं विभिन्न बचत और ऋण योजनाओं जैसे बॉब महिला शक्ति बचत खाता, बॉब महिला शक्ति चालू खाता, महिला उद्यमियों के लिए बड़ौदा महिला स्वावलंबन ऋण योजना और बॉब एसबी स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिला ग्राहकों को सशक्त बनाने पर ध्यान केंद्रित करेंगी।
शाखाएं उद्यमिता और सामाजिक सुरक्षा का समर्थन करने वाली विभिन्न सरकारी योजनाओं को बढ़ावा देंगी। पांचों महिला शाखाएं नियमित कार्यक्रमों के माध्यम से वित्तीय साक्षरता और शिक्षण को भी सक्रिय रूप से बढ़ावा देते हुए वित्तीय समावेशन को भी प्रोत्साहन देंगी।
इस पहल के बारे में बात करते हुए, बैंक ऑफ बड़ौदा की कार्यपालक निदेशक बीना वाहिद ने कहा, ओडि़शा और झारखंड में पांच महिला शाखाएं खोलकर, हम एक ऐसे परिवेश, संस्कृति और एक ऐसा ईको सिस्टम बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं जहां महिलाओं का समग्र विकास हो सके। नई खोली गई शाखाएं नीलाद्रिविहार (भुवनेश्वर), खुंटा (कटक), इरबा (रांची), धनुपाली (संबलपुर) और जमशेदपुर महिला कॉलेज (जमशेदपुर) में स्थित हैं।

