Monday, July 6, 2026 |
Home Breaking Newsभारत के सर्विस सेक्टर की वृद्धि दर दिसम्बर में चार महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंची

भारत के सर्विस सेक्टर की वृद्धि दर दिसम्बर में चार महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंची

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली (आईएएनएस)। भारत के सर्विस सेक्टर की वृद्धि दर दिसम्बर में चार महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। यह जानकारी सोमवार को जारी हुए एक सर्वे में दी गई। एचएसबीसी इंडिया सर्विसेज परचेसिंग मैनेजर्स इंडेक्स (सर्विसेज पीएमआई), जिसे एसएंडपी ग्लोबल द्वारा संकलित किया जाता है, में कहा गया कि भारत के सर्विस सेक्टर का पीएमआई दिसम्बर में 59.3 रहा है, जो कि नवम्बर में 58.4 पर था। यह अगस्त 2024 के बाद सर्विसेज पीएमआई का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

सर्वे में कंपनियों ने बताया है कि सर्विस सेक्टर की गतिविधियों में उछाल की वजह मजबूत मांग का होना है। सर्वे में कई कंपनियों ने संकेत दिया है कि क्षमता विस्तार ने उन्हें अत्याधिक काम स्वीकार करने की अनुमति दी है। सर्वे के मुताबिक, सकारात्मक सेंटीमेंट अपने लंबी अवधि के औसत से ऊपर बना हुआ है। सर्विसेज प्रोवाइडर्स को विश्वास है कि आने वाले 12 महीने में आउटपुट बढ़ेगा। क्षमता विस्तार, नए ग्राहकों द्वारा पूछताछ और मार्केटिंग के लिए बजट आवंटन बढऩा कई ऐसे कारण थे, जिन्होंने वृद्धि दर को बढ़ावा दिया है।

दिसम्बर में सर्विसेज कंपनियों के कारोबारी खर्च में बढ़ोतरी जारी रही, लेकिन महंगाई दर नवम्बर के 15 महीने के उच्चतम स्तर से नीचे आई है।
इनपुट लागत में वृद्धि के चलते दिसम्बर में सर्विस प्रोवाइडर्स ने फिर से अपनी फीस बढ़ा दी। सर्वे में बताया गया कि दिसम्बर के दौरान सर्विस प्रोवाइडर को मिले अंतर्राष्ट्रीय ऑर्डरों में ठोस वृद्धि हुई, जो आने वाले महीनों में रोजगार और विकास के लिए अच्छा संकेत है। एचएसबीसी के अर्थशास्त्री इनेस लैम ने कहा, “नए कारोबार और भविष्य की गतिविधियों जैसे दूरगामी संकेतकों से पता चलता है कि निकट भविष्य में भी मजबूत प्रदर्शन जारी रहेगा।”



You may also like

Leave a Comment