बिजऩेस रेमेडीज/जयपुर
SBI , जयपुर सर्कल द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में, भारतीय स्टेट बैंक के अध्यक्ष सी एस शेट्टी द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के अंतर्गत जयपुरिया अस्पताल में आने वाले मरीजों की सुविधा व स्वास्थ्य सेवाओ की गुणवता में सुधार लाने के लिये अस्पताल में मौजूदा ऑपरेशन थियेटर (ओटी) को मॉड्यूलर ओटी में अपग्रेड करने के लिए दी गई वित्तीय सहायता का चैक प्रदान किया गया।
बैंक की पर्यावरण संरक्षण की प्रतिबद्धता के तहत श्री शेट्टी द्वारा राजस्थान विश्वविद्यालय परिसर में 25000 वर्ग फुट क्षेत्र में मियावाकी तकनीकी से एक शहरी और घने जंगल का विकास करने के लिए दी गई वित्तीय सहायता का चैक प्रदान किया गया इस तकनीक का प्रयोग सीमित क्षेत्र में वन विकसित करने में किया जाता है। इसके साथ ही अमृता देवी पर्यावरण संस्थान (अपना संस्थान) को जयपुर के हेरिटेज सिटी निगम क्षेत्र में 15000 पौधों के रोपण के लिए वृक्षारोपण अभियान के लिए दी गई वित्तीय सहायता का चैक प्रदान किया गया। अमृता देवी पर्यावरण संस्थान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बहुत ही उल्लेखनीय कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर, शेट्टी ने कहा कि अग्रसर भारत का सर्वप्रिय बैंक होने के नाते, एसबीआई भारतीय बैंकिंग जगत में कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व में अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक की आज की सीएसआर गतिविधि के माध्यम से हमने समाज के सतत विकास के लिए स्वास्थ्य और पर्यावरण विषयों पर ध्यान केन्द्रित किया है। उन्होने कहा की पर्यावरण संरक्षण के लिये हम सभी को अपना योगदान देना चाहिये। इस अवसर पर, भारतीय स्टेट बैंक, जयपुर मंडल के मुख्य महाप्रबंधक, संदीप भटनागर ने इन संस्थानों द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की। भटनागर ने कहा कि बैंक सीएसआर के अंतर्गत सहयोग भावनात्मक रूप से जुडक़र करता है। इस अवसर पर बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। उपमहाप्रबंधक एवं मण्डल विकास अधिकारी कल्याण ने सभी अतिथियों को उनकी गरिमामयी उपस्थिति व कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।

