बिजऩेस रेमेडीज/नई दिल्ली
भारत के अग्रणी उद्यमशीलता शिक्षा प्लेटफॉर्म थिंकस्टार्टअप और कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के अंतर्गत मैनेजमेंट आंत्रप्रिन्योरशिप प्रोफेशनल स्किल्स काउंसिल (एमईपीएससी) ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के साथ मिलकर यूथ आइडियाथॉन (वाईआई24) का चौथा संस्करण लांच करने की आज घोषणा की। इस प्रतिष्ठित स्कूल स्तरीय नवप्रवर्तन एवं उद्यमशीलता उत्सव का लक्ष्य देशभर में युवाओं में रचनात्मकता को तराशना और उद्यमशीलता की भावना पैदा करना है।
इस वर्ष के यूथ आइडियाथॉन की थीम है ‘स्टार्टअप भारत के लिए अच्छी चीज़ है।’ पांच चरणों वाली यह प्रतिस्पर्धा शुरुआती चरणों में ऑनलाइन आयोजित की जाएगी और यह दो वर्गों- जूनियर (कक्षा 4 से कक्षा 8) और सीनियर (कक्षा 9 से कक्षा 12) में देशभर के सभी स्कूली विद्यार्थियों के लिए खुली है। विद्यार्थी अपने स्कूल से 3 से 5 सदस्यों की टीमों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। यह 6 अक्टूबर, 2024 को एक भव्य समारोह में संपन्न होगी। पिछले वर्ष के यूथ आइडियाथॉन ने 8000 से अधिक स्कूलों से 1.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों को आकर्षित किया था और वर्ष 2024 में इसने 10,000 स्कूलों से 2 लाख से अधिक विद्यार्थियों के प्रतिभाग का लक्ष्य रखा है।
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के तहत सीबीएसई के निदेशक (कौशल शिक्षा एवं प्रशिक्षण) डाक्टर बिस्वजीत साहा ने कहा कि उद्यमशीलता इस नई शिक्षा नीति 2020 का एक आवश्यक स्तंभ है और भारत सरकार ने सभी विद्यार्थियों में उद्यमशीलता की सोच पैदा करने के लिए कई कदम उठाए हैं। यूथ आइडियाथॉन प्लेटफॉर्म विद्यार्थियों को साहस के साथ सोचने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने की सहूलियत देता है। सिडबी (भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक) की उप महाप्रबंधक ममता कुमारी ने कहा कि यूथ आइडियाथॉन 2024 जैसी पहल युवा मस्तिष्कों में उद्यमशीलता की भावना पोषित करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। हमारे प्रयासों के जरिए हमने टेक्नोलॉजी, वेबसाइट प्रबंधन, कंटेंट निर्माण, डिजिटल मार्केटिंग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में स्कूली विद्यार्थियों को व्यवहारिक अनुभव उपलब्ध कराते हुए उनके लिए 200 से अधिक इंटर्नशिप का सृजन किया है। थिंकस्टार्टअप की सह संस्थापक शिवानी सिंह कपूर के मुताबिक, ‘यदि आपको भविष्य में रोजगार का सृजन करने वाले लोग तैयार करने हैं तो आपको उन्हें युवा रहते पकडऩा होगा, उनकी रचनात्मकता निखारनी होगी और नवप्रवर्तन एवं उद्यमशीलता की ताकत देखने में उनकी मदद करने होगी। यूथ आइडियाथॉन का प्रयास इनक्यूबेशन सपोर्ट के साथ उच्च संभावना वाले विद्यार्थियों के विचारों का पोषण करते हुए उन्हें सशक्त करना है।’
यूथ आइडियाथॉन 2024 को भारत की अग्रणी जियोस्पैटियल इनफॉर्मेशन सिस्टम (जीआईएस) कंपनी एसरी इंडिया और विश्व की अग्रणी फैबलेस सेमीकंडक्टर कंपनी मीडियाटेक द्वारा सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
एसरी इंडिया के प्रबंध निदेशक अगेन्द्र कुमार ने कहा, कि “हम एक ऐसे महत्वपूर्ण पड़ाव पर हैं जहां टिकाऊ समाधानों की जरूरत पहले इतनी अधिक नहीं थी। यूथ आइडियाथॉन 2024 देशभर से युवाओं की रचनात्मकता और उद्यमशीलता को सामाजिक, पर्यावरणीय और आर्थिक चुनौतियों से निपटने की दिशा में ले जा रहा है। इस आयोजन के लिए थिंकस्टार्टअप और सीबीएसई के साथ हमारी साझीदारी, नवप्रवर्तन और टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने के हमारे मिशन के बिल्कुल अनुरूप है।
मीडियाटेक इंडिया के प्रबंध निदेशक अंकु जैन ने कहा, कि यूथ आइडियाथॉन 2024 जैसी पहल के साथ साझीदारी, युवाओं में रचनात्मकता और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के हमारे मिशन के अनुरूप है। ऐसे अनूठे प्लेटफॉर्मों का समर्थन कर हमारा लक्ष्य इस देश की वृद्धि में योगदान करना, अधिक संख्या में स्टार्टअप्स का सृजन करना, रोजगार का सृजन करना और ऐतिहासिक विचारों का पोषण करना है। इसके भविष्य के लिए ज्ञान का आदान प्रदान महत्वपूर्ण है और हम यूथ आइडियाथॉन 2024 से सामने आने वाली जबरदस्त संभावनाओं को देखने के लिए उत्साहित हैं। यूथ आइडियाथॉन के प्रोग्राम निदेशक संजीव शिवेश ने कहा कि इस संस्करण में हमने एक बहुत उत्साहजनक मितव्ययी स्टार्टअप चुनौती रखी है जहां हम एक प्रोटोटाइप या एक लघु उद्यम का निर्माण करने के लिए शीर्ष 500 टीमों को 1,000 रुपये नकद ईनाम की पेशकश कर रहे हैं। हमारा मानना है कि विद्यार्थियों में कुछ भी संभव करने की ताकत है। इसलिए हम विद्यार्थियों की रचनात्मकता को भारत के लिए एक उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में निर्देशित करना चाहते हैं। यूथ आइडियाथॉन को शीएटवर्क और ब्रिक्स सीसीआई वी द्वारा भी सहयोग दिया जा रहा है।

