मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी लगातार आठवें साल सबसे अमीर भारतीयों की सूची में सबसे शीर्ष पर रहे हैं। आईआईएफएल वेल्थ हुरुन इंडिया की अमीरों की सूची के अनुसार उनकी संपत्ति 3 फीसदी इजाफे के साथ अब 3,80,700 करोड़ रुपए हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल देश की अमीर लिस्ट में 122 नए लोग शामिल हुए हैं। इस लिस्ट में उन लोगों को शामिल किया जाता है जिनकी न्यूनतम संपत्ति 1000 करोड़ रुपए है। रिपोर्ट के अनुसार लंदन स्थित एसपी हिंदुजा एवं उनका परिवार 1,86,500 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। विप्रो के अजीम प्रेमजी अमीर भारतीयों की सूची में तीसरे स्थान पर रहे हैं। उनकी कुल संपत्ति 1,17,100 करोड़ रुपए रही है। इस बार की सूची में 1,000 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति वाले भारतीयों की संख्या बढ़कर 953 हो गई है। 2018 में यह संख्या 831 थी। वहीं डॉलर मूल्य में अरबपतियों की संख्या 141 से घटकर 138 रह गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि देश के शीर्ष 25 अमीरों की कुल संपत्ति का मूल्य भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के दस प्रतिशत के बराबर है। वहीं 1,000 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति रखने वाले 953 अमीरों की कुल संपत्तियां देश के जीडीपी के 27 प्रतिशत के बराबर हैं।

