Thursday, October 1, 2026 |
Home Main Newsमैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में तेजी जारी

मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में तेजी जारी

वित्त वर्ष 25 में औद्योगिक उत्पादन 7.81% बढ़ा, रोजगार में 7.19% की हुई वृद्धि

by Business Remedies
0 comments

नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क
भारत के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का प्रदर्शन लगातार मजबूत बना हुआ है। वित्त वर्ष 2024-25 में औद्योगिक उत्पादन सालाना आधार पर 7.81 प्रतिशत बढ़ा है। वहीं, इस दौरान रोजगार में 7.19 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह जानकारी बुधवार को सरकार द्वारा जारी ‘उद्योगों के वार्षिक सर्वेक्षण’ (एएसआई) के आंकड़ों में दी गई। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान रजिस्टर्ड मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में व्यापक स्तर पर बढ़ोतरी दर्ज की गई और निवेश की गई पूंजी, इनपुट, आउटपुट, ग्रॉस वैल्यू एडेड (जीवीए), रोजगार और वेतन जैसे अधिकतर प्रमुख आर्थिक संकेतकों में पिछले साल के मुकाबले वृद्धि देखी गई।
मैन्युफैक्चरिंग प्रतिष्ठानों की संख्या बढक़र 2.67 लाख
वित्त वर्ष 2024-25 में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में प्रतिष्ठानों की संख्या बढक़र 2.67 लाख हो गई है, जो वित्त वर्ष 2023-24 में 2.60 लाख थी। सबसे ज्यादा प्रतिष्ठानों की संख्या तमिलनाडु में 41,221 रही। इसके बाद 33,084 प्रतिष्ठानों के साथ गुजरात दूसरे और 27,379 प्रतिष्ठानों के साथ महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर रहा। आंकड़ों से मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों के देशभर में विस्तार का संकेत मिलता है।
पांच राज्यों में मैन्युफैक्चरिंग रोजगार का 56% से ज्यादा हिस्सा
रोजगार के मामले में तमिलनाडु, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तर प्रदेश और हरियाणा देश के टॉप 5 राज्य बनकर उभरे हैं। 2024-25 में देश के कुल मैन्युफैक्चरिंग रोजगार में इन पांच राज्यों की हिस्सेदारी 56 प्रतिशत से ज्यादा रही है। इस दौरान मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में कुल रोजगार में सालाना आधार पर 7.19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
पांच प्रमुख इंडस्ट्रीज का जीवीए में 45% से ज्यादा योगदान
बेसिक मेटल्स, मोटर गाडय़िां, केमिकल और केमिकल प्रोडक्ट्स, फार्मास्युटिकल प्रोडक्ट्स और फूड प्रोडक्ट्स शीर्ष पांच इंडस्ट्रीज रहीं। इन पांचों इंडस्ट्रीज ने मिलकर 2024-25 के दौरान देश के कुल मैन्युफैक्चरिंग जीवीए में 45 प्रतिशत से ज्यादा का योगदान दिया। इससे मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में इन उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आती है।
कर्मचारियों की कुल आय में 12.08% की बढ़ोतरी
2023-24 की तुलना में 2024-25 में कर्मचारियों को दी जाने वाली कुल आय, जिसमें वेतन, भत्ते आदि शामिल हैं, में 12.08 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में रोजगार के साथ-साथ कर्मचारियों की आय में भी वृद्धि दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान निवेश की गई पूंजी, इनपुट, आउटपुट, जीवीए, रोजगार और वेतन जैसे अधिकतर प्रमुख आर्थिक संकेतकों में पिछले वर्ष के मुकाबले बढ़ोतरी देखने को मिली।
नीति-निर्माण और राष्ट्रीय लेखा आंकड़ों के लिए महत्वपूर्ण है एएसआई
उद्योगों का वार्षिक सर्वेक्षण मुख्य रूप से अलग-अलग मैन्युफैक्चरिंग उद्योगों में बदलाव की प्रक्रिया जैसे आउटपुट, वैल्यू एडेड, रोजगार, पूंजी निर्माण और अन्य कई पैमानों के आधार पर उनके गठन, विकास और ढांचे के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाने के लिए किया जाता है। सर्वेक्षण का डेटा नीति-निर्माण के लिए एक महत्वपूर्ण इनपुट का काम करता है और राष्ट्रीय लेखा आंकड़ों को तैयार करने में मदद करता है। इसके अलावा यह विभिन्न मंत्रालयों की जानकारी संबंधी जरूरतों को पूरा करता है और संबंधित पक्षकारों को सोच-समझकर निर्णय लेने में सक्षम बनाता है।



You may also like

Leave a Comment