नई दिल्ली | बिजनेस रेमेडीज
पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) ने राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) के विस्तार के लिए बड़ा लक्ष्य तय किया है। नियामक का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में गैर-सरकारी ग्राहकों की संख्या को मौजूदा करीब 90 लाख से बढ़ाकर 35-40 करोड़ तक पहुंचाना है। पीएफआरडीए के चेयरमैन शिवसुब्रमण्यम रमन ने शुक्रवार को कोलकाता में आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम के दौरान यह लक्ष्य बताया। उन्होंने कहा कि पेंशन क्षेत्र में डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल से हर साल करीब 2-3 करोड़ नए ग्राहकों को एनपीएस से जोड़ा जा सकता है। प्रस्तावित विस्तार के तहत एनपीएस को वेतनभोगी कर्मचारियों और सरकारी क्षेत्र से जुड़े ग्राहकों के पारंपरिक दायरे से बाहर ले जाने की योजना है। पीएफआरडीए निजी क्षेत्र के कर्मचारियों, स्वरोजगार करने वाले लोगों और अन्य गैर-सरकारी ग्राहकों को पेंशन व्यवस्था से जोडऩे पर जोर दे रहा है। एनपीएस के विस्तार में तकनीक आधारित पहुंच और मजबूत वितरण नेटवर्क की अहम भूमिका होगी। रमन ने कहा कि पीएफआरडीए अटल पेंशन योजना (एपीवाई) की सफलता को दोहराना चाहता है, जिसने बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की मदद से 10 करोड़ से अधिक ग्राहकों का आधार बनाया है। पीएफआरडीए एनपीएस के डिजिटल ढांचे को मजबूत करने पर भी काम कर रहा है।
इसके लिए बीएसई टेक्नोलॉजीज द्वारा विकसित स्टार एनपीएस प्लेटफॉर्म के जरिए तकनीक आधारित पंजीकरण प्रक्रिया को बढ़ावा दिया जा रहा है। नियामक के अनुसार, यह प्लेटफॉर्म प्वाइंट ऑफ प्रेजेंस और उनसे जुड़े पेंशन एजेंटों के माध्यम से ग्राहकों को डिजिटल तरीके से जोडऩे में मदद करेगा। यह प्लेटफॉर्म केंद्रीय रिकॉर्डकीपिंग एजेंसियों और ट्रस्टी बैंक के साथ पंजीकरण प्रक्रिया को जोडऩे के साथ डिजिटल सत्यापन और अन्य प्रक्रियाओं को आसान बनाएगा।

