3 साल या 45,000 किमी तक ग्राहकों को मिलेगी एश्योर्ड बायबैक वैल्यू
ईवी खरीदने में ग्राहकों का भरोसा बढ़ाने के लिए नई पहल
बैटरी-एज-ए-सर्विस और चार्जिंग नेटवर्क से मजबूत होगा इकोसिस्टम
2030 तक 600 डीसी फास्ट चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना
मुंबई | बीआर न्यूज नेटवर्क
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) ने हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक के लिए एश्योर्ड बायबैक प्रोग्राम लॉन्च किया है। इसके तहत ग्राहकों को 3 वर्ष या 45,000 किलोमीटर तक 60 प्रतिशत एश्योर्ड बायबैक वैल्यू मिलेगी। कंपनी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वाले ग्राहकों की भविष्य की रीसेल वैल्यू को लेकर भरोसा बढ़ाना और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को अधिक सुलभ, सुविधाजनक व भरोसेमंद बनाना है।
हुंडई मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी तरुण गर्ग ने कहा कि भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने का अगला चरण ग्राहकों के बढ़ते भरोसे पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि 60 प्रतिशत एश्योर्ड बायबैक वैल्यू, बैटरी-एज-ए-सर्विस, विस्तारित चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और भविष्य की ईवी रणनीति के साथ कंपनी भारत के सबसे व्यापक इलेक्ट्रिक वाहन इकोसिस्टम में से एक तैयार कर रही है, ताकि ग्राहक पूरे भरोसे के साथ इलेक्ट्रिक मोबिलिटी अपना सकें।
60% एश्योर्ड बायबैक से बढ़ेगा
ग्राहकों का भरोसा
नई योजना के तहत हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक खरीदने वाले ग्राहकों को 3 वर्ष या 45,000 किलोमीटर तक 60 प्रतिशत एश्योर्ड बायबैक वैल्यू मिलेगी। इससे ग्राहकों को भविष्य की रीसेल वैल्यू को लेकर अधिक निश्चितता और वित्तीय सुरक्षा मिलेगी। कंपनी का मानना है कि इससे इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने में ग्राहकों का विश्वास और मजबूत होगा तथा लंबे समय तक वाहन रखने के बाद भी बेहतर मूल्य मिलने की चिंता काफी हद तक कम होगी।
ईवी स्वामित्व को आसान बनाने पर फोकस
कंपनी का मानना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती स्वीकार्यता के साथ ग्राहकों के लिए दीर्घकालिक स्वामित्व मूल्य भी महत्वपूर्ण है। एश्योर्ड बायबैक प्रोग्राम इसी आवश्यकता को ध्यान में रखकर शुरू किया गया है। यह पहल ग्राहकों को पूरे स्वामित्व काल के दौरान अधिक निश्चितता, मानसिक संतोष और बेहतर स्वामित्व अनुभव प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
क्रेटा इलेक्ट्रिक में मिलेंगे एडवांस फीचर्स
हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक में 51.4 किलोवाट-घंटा बैटरी के साथ 510 किलोमीटर तथा 42 किलोवाट-घंटा बैटरी के साथ 420 किलोमीटर की एआरएआई प्रमाणित रेंज मिलती है। इसमें 39 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत डीसी फास्ट चार्जिंग, व्हीकल-टू-लोड (वी2एल), डिजिटल की, स्मार्टसेंस लेवल-2 एडीएएस, साइड फुट स्टेप और लॉन्ग रेंज मॉडल में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार केवल 7.9 सेकंड में हासिल करने की क्षमता जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
बैटरी-एज-ए-सर्विस और चार्जिंग
नेटवर्क मिलेगा साथ
कंपनी ने हाल ही में बैटरी-एज-ए-सर्विस (बीएएएस) मॉडल भी शुरू किया है, जिसके तहत क्रेटा इलेक्ट्रिक की शुरुआती कीमत 10.99 लाख रुपये रखी गई है और बैटरी ईएमआई 3.9 रुपये प्रति किलोमीटर से शुरू होती है। इसके अलावा मायहुंडई ऐप के माध्यम से ग्राहक देशभर में 30,000 से अधिक चार्जिंग प्वाइंट की जानकारी प्राप्त कर उनका उपयोग कर सकते हैं, जिससे लंबी दूरी की यात्रा भी अधिक आसान हो जाती है।
2030 तक 600 डीसी फास्ट
चार्जिंग स्टेशन का लक्ष्य
वर्तमान में कंपनी 105 शहरों में 183 डीसी फास्ट चार्जिंग स्टेशन संचालित कर रही है। वर्ष 2030 तक इस नेटवर्क को बढ़ाकर 600 डीसी फास्ट चार्जिंग स्टेशन करने की योजना है। कंपनी का कहना है कि भविष्य की रीसेल वैल्यू, लचीले स्वामित्व मॉडल, मजबूत चार्जिंग नेटवर्क और नए इलेक्ट्रिक उत्पादों के जरिए वह भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को नई गति देने के साथ ग्राहकों को संपूर्ण और भरोसेमंद ईवी स्वामित्व अनुभव उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

