TVS Motor बनी देश की नंबर-1 Electric Two-Wheeler कंपनी, Bajaj Auto और Ather Energy दूसरे व तीसरे स्थान पर
पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से Electric Vehicles को मिला बड़ा फायदा
नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क | देश में Electric Two-Wheelers की मांग लगातार मजबूत होती जा रही है। जून 2026 में इस सेगमेंट की बिक्री 1,93,735 यूनिट्स तक पहुंच गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 74.98 प्रतिशत अधिक है। पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और ग्राहकों के Electric Mobility की ओर बढ़ते रुझान ने इस बाजार को नई गति दी है। Federation of Automobile Dealers Associations (FADA) के ताजा आंकड़ों में प्रमुख कंपनियों के प्रदर्शन में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला।
TVS Motor बनी बाजार की सबसे बड़ी कंपनी
जून में Electric Two-Wheeler बाजार में TVS Motor ने सबसे अधिक 47,064 यूनिट्स की बिक्री दर्ज कर शीर्ष स्थान हासिल किया। कंपनी की बिक्री पिछले वर्ष के जून की तुलना में 76 प्रतिशत से अधिक बढ़ी है। iQube Electric Scooter की मजबूत मांग के चलते कंपनी ने हाल ही में इसकी 10 लाख यूनिट्स के उत्पादन का महत्वपूर्ण आंकड़ा भी पार कर लिया है। iQube देश के सबसे अधिक बिकने वाले Electric Scooters में शामिल है।
Bajaj Auto और Ather Energy की मजबूत बढ़त
Bajaj Auto ने जून में 43,306 यूनिट्स की बिक्री के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। Chetak Electric Scooter की लोकप्रियता के चलते कंपनी की बिक्री में सालाना आधार पर 80 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, Ather Energy 31,230 यूनिट्स की बिक्री के साथ तीसरे स्थान पर रही। कंपनी की बिक्री में लगभग 95 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। Ather के फैमिली स्कूटर Rizta ने हाल ही में तीन लाख यूनिट्स की बिक्री का आंकड़ा पार किया है और कंपनी की कुल बिक्री में इसकी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी रही।
Hero MotoCorp की सबसे तेज छलांग
Hero MotoCorp ने जून में 21,820 Electric Scooters बेचकर चौथा स्थान हासिल किया। कंपनी की बिक्री में पिछले वर्ष की तुलना में 175 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई, जो इस सेगमेंट में सबसे तेज ग्रोथ में शामिल है। Electric Scooter पोर्टफोलियो के विस्तार और बढ़ती स्वीकार्यता का लाभ कंपनी को मिला है।
Ola Electric फिसली, निवेश पर बढ़ाया फोकस
पिछले वर्ष तक Electric Two-Wheelers बाजार में अग्रणी रहने वाली Ola Electric जून में पांचवें स्थान पर पहुंच गई। कंपनी की बिक्री में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 22 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, भविष्य की रणनीति को मजबूत करने के लिए कंपनी ने हाल ही में ईवी और बैटरी निर्माण में 2,000 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है। यह निवेश उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनियों Ola Cell Technologies और Ola Electric Technologies में किया जाएगा, जिससे उत्पादन क्षमता और तकनीकी विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

