दक्षिण कोरिया की प्रमुख सेमीकंडक्टर निर्माता कंपनी एसके हाइनिक्स ने पहली बार मार्केट कैपिटलाइजेशन के मामले में सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स को पीछे छोड़ दिया है। सोमवार को कोरिया एक्सचेंज द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 12:42 बजे एसके हाइनिक्स का बाजार पूंजीकरण बढ़कर 2,091 ट्रिलियन वॉन पहुंच गया, जबकि सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स का बाजार पूंजीकरण 2,090 ट्रिलियन वॉन रहा।
यह पहली बार है जब वर्ष 2000 से लगातार शीर्ष स्थान पर बनी हुई सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स को कोरिया के प्रमुख शेयर सूचकांक में अपनी बादशाहत छोड़नी पड़ी है। कंपनी ने वर्ष 1999 में पहली बार बाजार पूंजीकरण के आधार पर नंबर एक स्थान हासिल किया था और तब से उसका दबदबा बना हुआ था।
कारोबार के दौरान एसके हाइनिक्स के शेयरों में 6.15 प्रतिशत की मजबूत बढ़त दर्ज की गई और इसका शेयर मूल्य 29,34,000 वॉन तक पहुंच गया। वहीं सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर 0.99 प्रतिशत बढ़कर 3,57,500 वॉन पर कारोबार करते दिखे। इस उपलब्धि के पीछे कंपनी की उन्नत कृत्रिम बुद्धिमत्ता मेमोरी प्रौद्योगिकी को प्रमुख कारण माना जा रहा है। पिछले सप्ताह एसके हाइनिक्स ने घोषणा की थी कि उसने अपनी नई हाई-बैंडविड्थ मेमोरी चिप 12-लेयर एचबीएम4ई के नमूने दुनिया के प्रमुख ग्राहकों को भेजने शुरू कर दिए हैं। यह कदम कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित अगली पीढ़ी की मेमोरी तकनीक की दौड़ में कंपनी की मजबूत स्थिति को दर्शाता है।
कंपनी के अनुसार, 12-लेयर एचबीएम 4 ई चिप प्रदर्शन और ऊर्जा दक्षता दोनों मामलों में महत्वपूर्ण सुधार प्रदान करती है। यह पिछली मेमोरी पीढ़ी की तुलना में 20 प्रतिशत से अधिक बेहतर ऊर्जा दक्षता उपलब्ध कराती है। इससे कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रशिक्षण और डेटा विश्लेषण से जुड़े भारी कार्यों की प्रसंस्करण क्षमता में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है। एसके हाइनिक्स ने कहा कि उन्नत अनुसंधान, विकास और उत्पादन क्षमता के कारण वह तय समयसीमा के भीतर इस नई मेमोरी चिप के नमूने ग्राहकों तक पहुंचाने में सफल रही है। कंपनी अब अपने वैश्विक साझेदारों के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू करने की तैयारी कर रही है।
कंपनी के अध्यक्ष एवं मुख्य विकास अधिकारी आन्ह ह्यून ने कहा कि एचबीएम4ई तकनीक के माध्यम से एसके हाइनिक्स ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता क्षेत्र में अपनी नेतृत्व क्षमता को और मजबूत करने की नींव रख दी है। उन्होंने कहा कि कंपनी अपने साझेदारों के साथ मिलकर बाजार की जरूरतों के अनुरूप समाधान उपलब्ध कराएगी और तकनीकी नेतृत्व को और सशक्त बनाएगी। एसके हाइनिक्स के प्रमुख ग्राहकों में एडवांस्ड माइक्रो डिवाइसेज़, एनविडिया और गूगल जैसी वैश्विक कृत्रिम बुद्धिमत्ता कंपनियां शामिल हैं। इन कंपनियों की बढ़ती मांग के बीच एसके हाइनिक्स की नई तकनीक आने वाले समय में वैश्विक मेमोरी बाजार में प्रतिस्पर्धा को और तेज कर सकती है।

