नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क | दिल्ली आधारित मैट्रिक्स जियो सॉल्यूशंस लिमिटेड ने शेयर बाजारों को सूचित किया है कि कंपनी को सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (भारत सरकार का एक उद्यम) के साथ 2 वर्षों के लिए सूचीबद्ध किया गया है, जिसके तहत वह भारत और विदेशी बाजारों में व्यापार विकास के लिए संयुक्त अनुसंधान एवं विकास/सह-उत्पादन/सिस्टम एकीकरण हेतु प्रौद्योगिकी भागीदारों के लिए सूचीबद्ध एजेंसी के रूप में कार्य करेगी। कंपनी प्रबंधन के अनुसार इस सूचीबद्धता में विविध बाजारों और अनुभव के साथ-साथ कई नए स्थानों तक पहुंच शामिल है। जैसे-जैसे कंपनी पूरे भारत में अपनी उपस्थिति का विस्तार कर रही है, ये उपलब्धियां निरंतर व्यापार वृद्धि और शेयरधारकों के मूल्य में वृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगी। यह उपलब्धि जियोस्पेशियल सर्वेइंग और मैपिंग में उत्कृष्टता के प्रति मैट्रिक्स की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के अनुरूप है।
कारोबारी गतिविधियां : मैट्रिक्स जियो सॉल्यूशंस लिमिटेड की स्थापना 2008 में हुई थी। यह एक परामर्श फर्म है जो फोटोग्रामेट्री, लिडार, जीआईएस और ड्रोन एवं सैटेलाइट इमेजरी का उपयोग करके रिमोट सेंसिंग जैसी उन्नत सर्वेक्षण तकनीकों में विशेषज्ञता रखती है। ये तकनीकें रेलवे, सडक़, सिंचाई, खनन और बिजली क्षेत्रों को सेवाएं प्रदान करती हैं। कंपनी ने भारत के 27 राज्यों में 1,500 से अधिक परियोजनाएं पूरी की हैं, जिनमें हिमालय से लेकर शहरी क्षेत्रों तक विविध भूभाग शामिल हैं। प्रमुख परियोजनाओं में अहमदाबाद और मुंबई के बीच भारत की पहली बुलेट ट्रेन, पुणे-मुंबई हाइपरलूप और ड्रोन आधारित पाइपलाइन निगरानी जैसी नवोन्मेषी परियोजनाएं शामिल हैं। कंपनी के ग्राहकों में सरकारी एजेंसियां, सार्वजनिक क्षेत्र के संगठन और भारतीय रेलवे, एनएचएआई, एनटीपीसी, गेल, एल एंड टी ईसीसी, अदानी समूह और टाटा प्रोजेक्ट्स जैसी निजी कंपनियां शामिल हैं।

