बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। मध्य पूर्व एशिया में चल रहे तनाव को देखते हुए सरकार ने बड़ा फैसला किया है। पेट्रोलियम संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि भारत सरकार PNG के विस्तार पर काम कर रही है और PNG कनेक्शन को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। इसी को देखते हुए तेल कंपनियों ने PNG सप्लाई के लिए सिक्योरिटी फीस तक माफ कर दी है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली में सडक़ बहाली शुल्क माफ करने का भी आदेश जारी कर दिया गया है। पाइपलाइनें 24 घंटे, दिन-रात बिछाई जा सकती हैं। साथ ही एक और बड़ा ऐलान किया गया है। सुजाता शर्मा ने कहा कि कंपनियों ने नए PNG कनेक्शन के लिए 500 रुपए तक की मुफ्त गैस और सिक्योरिटी फीस माफ करने का ऐलान किया गया है। यह कदम PNG कनेक्शन की संख्या में तेजी से इजाफा कर सकता है। नए गैस कनेक्शन पर 500 रुपए तक फ्री गैस और सिक्योरिटी चार्ज में राहत 31 मार्च तक नया कनेक्शन लेने वाले कस्टमर्स को दिया जाएगा।
92 हजार मीट्रिक टन LPG लेकर भारत लौट रहे शिप।
उन्होंने आगे जानकारी देते हुए कहा कि घरेलू LPG की सप्लाई में कोई कमी नहीं है। कालाबाजारी पर भी लगाम लगाई जा रही है। इसके तहत कई राज्यों में 24 मार्च को 2700 छापे मारे गए और 2000 सिलेंडर जब्त किए गए। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। LPG की सप्लाई पर्याप्त है। पेट्रोल डीजल को लेकर उन्होंने कहा कि रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता पर काम कर रही हैं। भारत के पास कुल 26 करोड़ टन रिफाइनिंग क्षमता है।

