Friday, July 17, 2026 |
Home Editorialवैज्ञानिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए आज मनाया जाएगा राष्ट्रीय विज्ञान दिवस

वैज्ञानिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए आज मनाया जाएगा राष्ट्रीय विज्ञान दिवस

by Business Remedies
0 comments

विज्ञान व प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। पर अब भी इस ओर अन्य देशों की तुलना में पिछड़े हुए हैं। इस ओर तेज गति से उन्नत बनने के लिए भारत में प्रौद्योगिकी के महत्व को बढ़ावा देने के लिए आज राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाएगा। यह दिवस भारतीय भौतिक विज्ञानी सी.वी. रमन की ओर से 28 फरवरी,1928 को रमन प्रभाव की खोज की स्मृति में मनाया जाता है। इस उपलब्धि को सम्मानित करने और वैज्ञानिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने 1986 में 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस घोषित किया। सी.वी रमन का पूरा नाम चंद्रशेखर वेंकट रमन है। उन्हें भारत में उनके द्वारा किए गए वैज्ञानिक खोजों के लिए जाना जाता है। उनका जन्म तमिलनाडु के तिरुचिलापल्ली में 07 नवंबर, 1888 में हुआ था। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा विशाखापट्टनम के सेंट एलॉयसिस एंगलो-इंडियन हाईस्कूल से पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा मद्रास के प्रेसीडेंसी कॉलेज से की।
यह दिन विज्ञान के महत्व को उजागर करता है और छात्रों और नागरिकों के बीच वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करता है। यह दिवस युवाओं को विज्ञान में रुचि लेने के लिए प्रेरित करता है, वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देता है और भारत के वैज्ञानिकों के योगदान को सम्मानित करता है। इस वर्ष की ‘विज्ञान में महिलाएं- विकसित भारत को गति देने वाली’ थीम ने विकसित भारत के निर्माण में महिला वैज्ञानिकों और नवोन्मेषकों के योगदान पर जोर दिया गया है। इस थीम का मुख्य उद्देश्य विज्ञान क्षेत्र में विकसित भारत लक्ष्य के तहत वर्ष, 2047 तक विज्ञान में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना है। अनुसंधान, प्रौद्योगिकी एवं एसटीईएम क्षेत्रों में उनके प्रयासों को मान्यता दी है। यह थीम विज्ञान में महिलाओं और बालिकाओं के अंतरराष्ट्रीय दिवस जैसे वैश्विक प्रयासों के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य लैंगिक समानता को बढ़ावा देना और वैज्ञानिक अनुसंधान में महिलाओं की भागीदारी को सुदृढ़ करना है। यह दिन ना केवल सी.वी. रमन की खोज का जश्न मनाता है, बल्कि भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों जैसे स्पेस मिशन, तकनीकी विकास और अनुसंधान को भी प्रदर्शित करता है।



You may also like

Leave a Comment