Monday, July 13, 2026 |
Home Tech Worldस्वास्थ्य सुविधाओं और 5G तकनीक से स्मार्टवॉच बाजार को मिला सहारा

स्वास्थ्य सुविधाओं और 5G तकनीक से स्मार्टवॉच बाजार को मिला सहारा

by Business Remedies
0 comments
Figure showing the growth in global smartwatch supply in 2025

New Delhi,

वर्ष 2025 में वैश्विक स्मार्टवॉच की आपूर्ति में 4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में आई गिरावट के बाद इस साल बाजार में फिर से सुधार देखा गया है। बुधवार को जारी एक नई शोध रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई। काउंटरपॉइंट रिसर्च की ‘Global Smartwatch Shipments Tracker’ रिपोर्ट के अनुसार, एप्पल ने वर्ष 2022 के बाद पहली बार अपनी वार्षिक आपूर्ति में बढ़ोतरी दर्ज की है। कंपनी ने अपने स्मार्टवॉच उत्पादों की पूरी श्रृंखला में व्यापक बदलाव किए, जिससे यह वृद्धि संभव हो सकी। रिपोर्ट के मुताबिक, बाजार में सुधार का मुख्य कारण प्रतिस्पर्धा की स्थिति में बदलाव रहा। प्रमुख कंपनियों ने अपने उपकरणों में तकनीकी सुधार किए हैं। उपभोक्ता अब अधिक उन्नत तकनीक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं वाले स्मार्टवॉच को प्राथमिकता दे रहे हैं। उद्योग स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे मांग में मजबूती आई है। चीन ने वैश्विक स्तर पर इस सुधार का नेतृत्व किया। वहां के प्रमुख घरेलू ब्रांड के उत्पादों की मांग मजबूत रही, जिससे कुल आपूर्ति में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई।

वरिष्ठ शोध विश्लेषक अंशिका जैन ने कहा कि एप्पल की वृद्धि उसके नए मॉडलों की वजह से संभव हुई। कंपनी ने सीरीज 11, अल्ट्रा 3 और एसई 3 जैसे नए मॉडल पेश किए, जिससे अलग-अलग वर्ग के उपभोक्ताओं को विकल्प मिले। किफायती से लेकर उच्च श्रेणी तक के उत्पाद उपलब्ध कराए गए। इन मॉडलों में महत्वपूर्ण तकनीकी सुधार भी शामिल किए गए हैं। पूरी श्रृंखला में 5G सुविधा दी गई है। अल्ट्रा 3 में उपग्रह कनेक्टिविटी और उच्च रक्तचाप सूचना जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि कई उपभोक्ता बेहतर तकनीक की प्रतीक्षा कर रहे थे और नए विकल्प आने के बाद खरीदारी में तेजी आई है। वर्ष 2025 में स्मार्टवॉच बाजार में महंगे उत्पादों की ओर रुझान जारी रहा। औसत बिक्री मूल्य में 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण उपभोक्ता अधिक सटीक और सुविधाओं से युक्त उपकरण चुन रहे हैं।

सहायक निदेशक डेविड नारांजो के अनुसार, सिम आधारित कनेक्टिविटी वाले स्मार्टवॉच की आपूर्ति में 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। उन्नत स्वास्थ्य निगरानी और आपातकालीन सहायता जैसी सुविधाओं ने इन्हें आम उपभोक्ताओं के बीच लोकप्रिय बनाया है। एप्पल ने अपनी नई श्रृंखला के माध्यम से बाजार में यह गति बनाए रखी है। वहीं, शाओमी ने भी रेडमी वॉच 5 एलटीई और रेडमी किड्स वॉच जैसे मॉडलों के जरिए अपनी सिम आधारित श्रेणी को मजबूत किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि एप्पल द्वारा अपनी नई सीरीज में 5G सुविधा शामिल किए जाने से उद्योग में इस तकनीक को बढ़ावा मिलेगा। अब कनेक्टिविटी केवल सिम तक सीमित नहीं है। गूगल, गार्मिन और एप्पल ने उपग्रह कनेक्टिविटी भी पेश की है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उद्योग ऐसे स्मार्टवॉच विकसित कर रहा है जो स्वतंत्र रूप से कार्य कर सकें।



You may also like

Leave a Comment