Tuesday, July 14, 2026 |
Home Corporate Worldआज खुलेगा ‘TAURION MPS LTD’का IPO

आज खुलेगा ‘TAURION MPS LTD’का IPO

निवेशक 11सितम्बर 2025 तक कर सकेंगें कंपनी के IPO में आवेदन

by Business Remedies
0 comments
taurian

बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। मुंबई आधारित ‘टॉरियन एमपीएस लिमिटेड’ खनन और कंस्ट्रक्शन के लिए क्रशिंग और स्क्रीनिंग उपकरण का निर्माण और आपूर्ति करने वाली प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा मौजूदा उत्पादन सुविधा में मशीनरी और उपकरणों के अधिग्रहण, नवाचार को बढ़ावा देने के लिए अनुसंधान और विकास सुविधाओं में सुधार हेतु उपकरणों के अधिग्रहण, कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं को पूरा करने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफॉर्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर 11सितम्बर को बंद होगा।
कारोबारी गतिविधियां: जून 2010 में निगमित, ‘टॉरियन एमपीएस लिमिटेड’ खनन और निर्माण के लिए क्रशिंग और स्क्रीनिंग उपकरण का निर्माण और आपूर्ति करती है। कंपनी चुनौतीपूर्ण इलाकों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली, नवीन मशीनरी प्रदान करती है और कंपनी द्वारा इन मशीनों में परिशुद्धता, प्रदर्शन और ग्राहक सेवा पर जोर दिया जाता है।

कंपनी लौह अयस्क, मैंगनीज, बॉक्साइट, कोयला, चूना पत्थर, सिलिका रेत, क्वार्टजाइट जैसे प्रमुख खनिज क्षेत्रों और खदान पत्थर, चीनी मिट्टी और ग्रेनाइट जैसे लघु खनिज क्षेत्रों में कार्यरत उद्योगों को सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी 800 टन प्रति घंटे (टीपीएच) तक की उच्च क्षमता वाले मोबाइल और ट्रैक प्लांट प्रदान करने में सक्षम है। कंपनी उच्च क्षमता वाली अद्वितीय एम रेत बनाने वाली मशीनों को डिजाइन और निर्माण करके ग्राहकों को प्रदान करती है। कंपनी को विशेष मशीनों के लिए अत्यधिक गहन तकनीक में समृद्ध अनुभव है। एक दशक के अनुभव के साथ कंपनी खनन और इंफ्रास्ट्रक्चर उद्योगों के लिए अत्याधुनिक क्रशिंग, स्क्रीनिंग, धुलाई और संवहन समाधान प्रदान करने में अग्रणी है। खनिज प्रसंस्करण अनुप्रयोगों के लिए हाइब्रिड पावर मोबाइल ट्रैक प्लांट शुरू करने में कंपनी उद्योगों को महत्वपूर्ण सहयोग करती है। वहीं कंपनी अनुप्रयोग इंजीनियरिंग, मशीन चयन, निर्माण, स्थापना और संचालन को कवर करने वाला एक व्यापक टर्नकी परियोजना समाधान प्रदान करती है। कंपनी की उत्पाद श्रृंखला में “टॉरियन” ब्रांड के अंतर्गत क्रशर, स्क्रीन और संपूर्ण संयंत्र शामिल हैं, जो “मेक इन इंडिया” उत्पादन को बढ़ावा देते हैं। कंपनी की उत्पाद श्रृंखला में जॉ क्रशर, कोन क्रशर, वीएसआई क्रशर, वाइब्रेटिंग स्क्रीन, वाशिंग सिस्टम और संपूर्ण क्रशिंग प्लांट शामिल हैं। कंपनी भगवानपुर, रुडक़ी, हरिद्वार के पास उन्नत प्रसंस्करण क्षमताओं और अनुभवी कर्मचारियों से सुसज्जित १,१०,००० वर्ग फीट में फैली एक विनिर्माण इकाई संचालित करती है। कंपनी बेहतर गुणवत्ता मानदंडों का पालन करते हुए कच्चे माल और तैयार माल के परीक्षण के माध्यम से गुणवत्ता आश्वासन सुनिश्चित करती है।

कंपनी उत्तराखंड, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, लद्दाख, आंध्र प्रदेश, मेघालय, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड, जम्मू एंड कश्मीर, गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा और पश्चिम बंगाल राज्यों में अपने उत्पादों की आपूर्ति करती है और कंपनी ने महाराष्ट्र तथा रायपुर, छत्तीसगढ़ में डीलर भी नियुक्त किए हैं। आने वाले समय में कंपनी की योजना जमैका, रूस, तंजानिया, मैक्सिको, नेपाल, तुर्की, मेडागास्कर, नाइजीरिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और चीन में कारोबारी विस्तार करने की है। वर्तमान में कंपनी के पास 42.95 करोड़ रुपए के आर्डर हैं। इनमें से कंपनी के पास घरेलू बाजारों से 26.26 करोड़ रुपए के ऑर्डर और विदेशी बाजारों से 16.69 करोड़ रुपए के आर्डर हैं। 31 जुलाई, 2025 तक, कंपनी के वेतन पर 94 कर्मचारी कार्यरत थे।

वित्तीय प्रदर्शन : वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 10.82 करोड़ रुपए का परिचालन राजस्व और 0.22 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 37.59 करोड़ रुपए का परिचालन राजस्व और 11.31 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 73.52 करोड़ रुपए का परिचालन राजस्व और 9.49 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि साल दर साल कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन अच्छा होता जा रहा है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 12.92 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी की कुल असेट 73.17 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 34.30 करोड़ रुपए, रिजर्व एवं सरप्लस 27.90 रुपए और कुल कर्ज 9.11 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। कंपनी का कर्ज इक्विटी अनुपात 0.27 का है। इस आधार पर कह सकते हैं कि कंपनी पर कर्ज भार अधिक नहीं है।

आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘टॉरियन एमपीएस लिमिटेड’ का आईपीओ एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आज खुलकर 11 सितम्बर 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 24,87,200 शेयर 162 से 171 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 42.53 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 800 शेयरों का है और रिटेल निवेशकों को कुल 2 लॉट के लिए आवेदन करना होगा। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी ग्रेटेक्स कॉर्पोरेट सर्विसेज लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।



You may also like

Leave a Comment