बिजनेस रेमेडीज। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ आधारित ‘शिवाश्रित फूड्स लिमिटेड’ आलू के फ्लेक्स आधारित उत्पादों की आपूर्ति करने वाली प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा विस्तार परियोजना हेतु पूंजीगत व्यय राशि जुटाने, विस्तार परियोजना के लिए कार्यशील पूंजी की आवश्यकताओं और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के प्रोस्पेक्ट्स से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।
कारोबारी गतिविधियां: अगस्त 2017 में निगमित शिवाश्रित फूड्स लिमिटेड आलू के फ्लेक्स का निर्माण, आपूर्ति और निर्यात करती है। कंपनी के पास आलू के फ्लेक्स के उत्पादन के लिए उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक आलू प्रसंस्करण संयंत्र है। कंपनी रेडी-टू-ईट मील, स्नैक्स और प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों के लिए प्रीमियम आलू के फ्लेक्स बनाती है। कंपनी का प्रोडक्ट वैश्विक और घरेलू खाद्य निर्माताओं की ज़रूरतों को पूरा करता है। कंपनी उत्पादों की निरंतर गुणवत्ता और लंबी शेल्फ लाइफ सुनिश्चित करती है। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में कंपनी की विनिर्माण इकाई एफएसएसएआई, आईएसओ 22000:2018, हलाल, इंटरटेक (UKAS प्रमाणित) से BRCGS और USFDA द्वारा प्रमाणित है। कंपनी अपने उत्पादों का विपणन तीन ब्रांड नामों, जैसे “शिवाश्रित”, “श्रीआहार” और “फ्लेकर्स” के तहत करती है। कंपनी अपने उत्पाद मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, पंजाब, गुजरात, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार में बेचती है। कंपनी अपने उत्पादों का निर्यात अर्जेंटीना, ब्राज़ील, चिली, दुबई, इंडोनेशिया, इजऱाइल, कुवैत, लेबनान, मलेशिया, मेक्सिको, तुर्की, उरुग्वे, अमेरिका, कोसोवो और बांग्लादेश को भी करती है।
कंपनी खाद्य प्रसंस्करणकर्ताओं, होरेका (HoReCa) और स्नैक निर्माताओं को थोक आलू के फ्लेक्स की आपूर्ति करती है। कंपनी के उत्पाद आलू मैश, स्नैक्स, सूप में गाढ़ा करने वाले एजेंट के रूप में काम आते हैं। कंपनी औद्योगिक उपयोग के लिए थोक पैकेजिंग में भी उत्पाद उपलब्ध करवा रही है। कंपनी ने दिसंबर 2024 में ‘श्री आहार रिटेल ब्रांड’ लॉन्च किया है। पोटैटो फ्लैक्स से घरेलू उपयोग के लिए दो मिनट में आलू मैश तैयार कर सकते है। कंपनी के पैक का आकार 200 ग्राम, 400 ग्राम और 1 कि.ग्रा. में है। गुणवत्ता और सुविधा चाहने वाले शहरी परिवारों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। कंपनी के उत्पाद अमेजॉन, फ्लिपकार्ट, मीशो और अपनी वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध है। कंपनी ने दिल्ली-एनसीआर और महानगरों में वितरण का विस्तार किया है।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 45.35 करोड़ रुपए का परिचालन राजस्व और 1.51 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 76.22 करोड़ रुपए का परिचालन राजस्व और 11.61 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 104.69 करोड़ रुपए का राजस्व और 12.05 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि साल दर साल कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन अच्छा होता जा रहा है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 11.51 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी की असेट 108.78 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 34.60 करोड़ रुपए, रिजर्व एवं सरप्लस 20.64 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 47.96 करोड़ रुपए दर्ज किया गया। कंपनी का कर्ज इक्विटी अनुपात 1.39 गुना का है। इस आधार पर कह सकते हैं कि कंपनी पर कर्ज अधिक नहीं है।
प्रवर्तकों का अनुभव
42 वर्षीय निशांत सिंघल कंपनी के प्रबंध निदेशक और प्रमोटर हैं। उन्होंने वर्ष 2004 में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से वाणिज्य स्नातक (ऑनर्स) की उपाधि प्राप्त की है। उन्हें खाद्य भंडारण के क्षेत्र में लगभग बीस वर्षों का अनुभव और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग में सात वर्षों का अनुभव है। इसके अलावा, उन्होंने अन्य उपक्रमों, जैसे मेसर्स प्रशांत एंटरप्राइजेज, मेसर्स निशांत कोल्ड स्टोरेज और नियोमैक्स लाइट्स प्राइवेट लिमिटेड में भी सक्रिय रूप से योगदान दिया है। वे अगस्त 2017 से कंपनी से जुड़े हुए हैं। उन्हें 20 सितंबर, 2024 को कंपनी का मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) नियुक्त किया गया था, लेकिन वर्तमान में वे कंपनी के प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।
46 वर्षीय प्रशांत सिंघल कंपनी के अध्यक्ष, गैर-कार्यकारी निदेशक और प्रमोटर हैं। उन्होंने वर्ष 1999 में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से बी.एससी. सांख्यिकी (ऑनर्स) की डिग्री प्राप्त की है और उन्हें खाद्य भंडारण में व्यवसाय विकास का लगभग बाईस वर्षों का अनुभव और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग में सात वर्षों का अनुभव है। संगठन के लिए कच्चे माल की खरीद में उनका मार्गदर्शन उल्लेखनीय है। इसके अलावा, वे 2023 से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के मेयर के रूप में कार्यरत हैं। वे अगस्त 2017 से कंपनी से जुड़े हुए हैं।
65 वर्षीया सुनीता सिंघल कंपनी की गैर-कार्यकारी निदेशक और प्रमोटर हैं। उनकी शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक है। वे सितंबर 2024 से कंपनी से जुड़ी हुई हैं। वे प्रशांत एंटरप्राइज के व्यवसाय में एक कार्यकारी भागीदार के रूप में शामिल थीं और 22 वर्षों तक भागीदार के रूप में दरवाज़े के हैंडल, दरवाज़े की फिटिंग, पीतल और कांसे के धातु हार्डवेयर डीलर आदि के निर्माण और निर्यात में लगी रहीं। वे साझेदारी फर्म के लिए प्रमुख निर्णय लेने की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल थीं।
इस कंपनी की नींव रमेश चंद सिंघल ने रखी थी व उनके बेटो ने कंपनी को आगे बढ़ाया है वह कंपनी के प्रमोटरों में से एक हैं वे पहले कंपनी में निदेशक के रूप में कार्यरत थे और 20 सितंबर, 2024 को व्यस्तता के कारण उन्होने इस्तीफा दे दिया। इन्होने प्रशांत एंटरप्राइज के व्यवसाय में एक कार्यकारी भागीदार के रूप में कार्य किया है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘शिवाश्रित फूड्स लिमिटेड’ का आईपीओ एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर 22 अगस्त को खुलकर 26 अगस्त 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 49,32,000 शेयर 135 से 142 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 70.03 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1000 शेयरों का है और रिटेल निवेशकों को कुल 2 लॉट के लिए आवेदन करना होगा। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी मार्क कॉर्पोरेट एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

