जयपुर। भारत में बैंकिंग और भुगतान समाधान के अग्रणी प्रदाता कंपनी नेटवर्क पीपल सर्विसेज टेक्नोलॉजीज लिमिटेड (एनपीएसटी) ने शेयर बाजारों को सूचित किया है कि सोमवार को आयोजित बोर्ड मीटिंग में कंपनी के निदेशक मंडल ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए प्रेफरेंशियल इश्यू के जरिए गैर-प्रवर्तक श्रेणी में 14,46,500 शेयर जारी करने का फैसला लिया है।
सदस्यों के अनुमोदन के अधीन, बोर्ड ने 14,46,500 (चौदह लाख छियालीस हजार पांच सौ) पूर्णतः चुकता इक्विटी शेयरों के सृजन, प्रस्ताव, निर्गम और आवंटन को मंजूरी दे दी है, जिनका अंकित मूल्य 10 रुपये है। निर्णय के अनुसार, कंपनी के गैर-प्रवर्तक समूह श्रेणी से संबंधित आवंटियों को 10/- (केवल दस रुपये) की कीमत पर प्रेफरेंशियल आधार पर 2074/- (दो हजार चौहत्तर रुपये मात्र) प्रति इक्विटी शेयर, जिसमें 2064/- (दो हजार चौसठ रुपये मात्र) का प्रीमियम शामिल है, कुल मिलाकर 3,00,00,41,000/- (तीन सौ करोड़ इकतालिस हजार रुपये मात्र) तक की राशि हासिल की जाएगी। इस संबंध में 28 अगस्त 2025 को कंपनी ईजीएम में फैसला लिया जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार गैर-प्रवर्तक समूह श्रेणी से संबंधित टाटा म्युचुअल फंड प्रेफरेंशियल आधार पर करीब 300 करोड रुपए में कंपनी की 6.94 फीसदी हिस्सेदारी लेगा।
कारोबारी गतिविधियां:
नेटवर्क पीपल सर्विसेज टेक्नोलॉजीज लिमिटेड मुख्य रूप से आईटी और आईटीईएस (इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड आईटी एंडेड सर्विसेज) सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी की सेवाओं में सॉफ्टवेयर विकास, वेब डिज़ाइन और विकास, डेटा विश्लेषण और विज़ुअलाइज़ेशन, साइबर सुरक्षा क्लाउड कंप्यूटिंग व डिजिटल मार्केटिंग शामिल हैं। कंपनी विभिन्न उद्योगों जैसे कि वित्त, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, और ई-कॉमर्स के लिए सेवाएं प्रदान करती है। उल्लेखनीय है कि कंपनी द्वारा जुलाई 2021 में 80 रुपए प्रति शेयर के भाव पर 17,12,000 शेयर जारी कर 13.70 करोड़ पर जुटाए थे। तब कंपनी के आईपीओ का प्रबंध जयपुर आधारित प्रमुख बीआरएलएम कंपनी होलानी कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया था। वर्तमान में कंपनी के शेयर का भाव करीब 2400 प्रति शेयर के भाव पर चल रहा है। टाटा म्युचुअल फंड जैसी कंपनी का बड़ा निवेश यह दर्शा रहा है कि कंपनी का कारोबारी भविष्य काफी अच्छा है।

