बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। ‘स्वस्तिका कास्टल लिमिटेड’ एल्युमीनियम कास्टिंग बिजनेस के क्षेत्र में कार्यरत प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा संयंत्र एवं मशीनरी के अधिग्रहण, शेड व भवन के निर्माण के लिए पूंजीगत व्यय राशि जुटाने और कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए बीएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर 23 जुलाई को बंद होगा।
कारोबारी गतिविधियां: 1996 में निगमित, स्वस्तिका कास्टल लिमिटेड एल्युमीनियम कास्टिंग के व्यवसाय में संलग्न है। कंपनी मुख्य रूप से विनिर्माण क्षेत्र में कार्यरत है और सेंड, ग्रेविटी और सेंट्रीफुगल कास्टिंग जैसी प्रक्रियाओं के माध्यम से उच्च-गुणवत्ता वाली एल्यूमीनियम कास्टिंग के उत्पादन पर केंद्रित है। कंपनी जटिल डिजाइनों (250 किग्रा तक) के लिए सैंड- कास्टिंग और उत्कृष्ट सर्फेस फिनिशिंग और सटीकता के साथ सटीक, उच्च-गुणवत्ता वाले कॉम्पोनेंट्स के लिए ग्रेविटी कास्टिंग (80 किग्रा तक) में विशेषज्ञता रखती है।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 24.41 करोड़ रुपए का राजस्व और 0.58 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने परिचालन से 23.35 करोड़ रुपए का राजस्व और 0.65 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने परिचालन से 30.31 करोड़ रुपए का राजस्व और 2.63 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी साल दर साल अच्छे वित्तीय परिणाम प्रस्तुत कर रही है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 8.88 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2025 में तक कंपनी की असेट 30.83 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 10.67 करोड़ रुपए, रिजर्व एवं सरप्लस 4.67 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 9.12 करोड़ रुपए रहा। कंपनी का कर्ज इक्विटी रेश्यो 0.85 गुना का है। इस आधार पर कह सकते हैं कि कंपनी पर कर्ज भार अधिक नहीं है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘स्वस्तिका कास्टल लिमिटेड’ का आईपीओ बीएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर आज खुलकर 23 जुलाई 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा 10 रुपए फेसवैल्यू के 21,64,000 शेयर 65 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 14.07 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 2000 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी होराइजन मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

