- Dimensity 9500 और 8500 चिपसेट की दिखाई गई क्षमता
- भारत में 49 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ नंबर-1 स्मार्टफोन चिपसेट ब्रांड
नई दिल्ली | बिजनेस रेमेडीज | MediaTek ने नई दिल्ली में आयोजित MediaTek Tech Day 2026 में स्मार्टफोन इमेजिंग और एज-टू-क्लाउड इकोसिस्टम के भविष्य को लेकर अपनी रणनीति पेश की। ‘बियोंड द लेंस’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में कंपनी ने अगली पीढ़ी की कैमरा टेक्नोलॉजी, एआई आधारित इमेजिंग और हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग क्षमताओं का प्रदर्शन किया। कंपनी ने बताया कि उसके नए SoC स्मार्टफोन फोटोग्राफी को बेहतर बनाने के साथ-साथ ऑटोमोटिव, डेटा सेंटर और एआई पीसी जैसे क्षेत्रों में भी नए अवसर तैयार कर रहे हैं।
एआई-आईएसपी से मिलेगी बेहतर फोटोग्राफी क्षमता
MediaTek ने स्मार्टफोन इमेजिंग के लिए नई तकनीकों को पेश किया है। कंपनी के अनुसार, 18EV HDR और 4K120 Super EIS जैसी तकनीकें बेहतर डायनामिक रेंज और स्मूथ सिनेमैटिक वीडियो कैप्चर में मदद करेंगी। नई पीढ़ी के AI-ISP से लैस चिपसेट कम्प्यूटेशनल फोटोग्राफी को अधिक प्रभावी बनाएंगे और कम ऊर्जा खपत के साथ बेहतर परिणाम देंगे।
Dimensity चिपसेट का किया प्रदर्शन
MediaTek Tech Day में कंपनी ने Dimensity 9500S, Dimensity 9500 और Dimensity 8500 SoC को प्रदर्शित किया। ये चिपसेट एआई, इमेजिंग, गेमिंग, कनेक्टिविटी और पावर एफिशिएंसी के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन देने के लिए तैयार किए गए हैं। कंपनी ने vivo X300 Pro, OPPO Find X9, Motorola Edge 70 Pro और Xiaomi 17T जैसे डिवाइस के माध्यम से अपनी इमेजिंग क्षमताओं को भी दिखाया।
भारत में लगातार 24 तिमाहियों से नंबर-1
MediaTek ने बताया कि वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में भारत के स्मार्टफोन चिपसेट बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी 49 प्रतिशत रही। इसके साथ ही कंपनी लगातार 24 तिमाहियों से भारत में नंबर-1 स्मार्टफोन चिपसेट ब्रांड बनी हुई है। कंपनी स्मार्टफोन के साथ-साथ अन्य कनेक्टेड डिवाइस सेगमेंट में भी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है।
ऑटोमोटिव और एआई कंप्यूटिंग में विस्तार
कंपनी ने अपने ‘One MediaTek’ विजन के तहत स्मार्टफोन से आगे बढ़कर ऑटोमोटिव, डेटा सेंटर, एआई पीसी और अन्य क्षेत्रों में विस्तार की जानकारी दी। MediaTek के अनुसार, दुनियाभर की प्रमुख वाहन कंपनियों के साथ उसकी 20 से अधिक साझेदारियां हैं और Dimensity Auto प्लेटफॉर्म के तहत 190 से अधिक प्रोजेक्ट चल रहे हैं। कंपनी का लक्ष्य इंटेलिजेंट एज डिवाइस और अगली पीढ़ी की कंप्यूटिंग टेक्नोलॉजी में अपनी स्थिति मजबूत करना है।

