बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। दवा बनाने वाली कंपनी टोरेंट फार्मास्युटिकल्स लि. का चालू वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 26.24 प्रतिशत बढक़र 635 करोड़ रुपये रहा। कंपनी के ब्रांडेड कारोबार के मजबूत प्रदर्शन से मुनाफे को सहारा मिला है। टोरेंट समूह की प्रमुख कंपनी टोरेंट फार्मास्युटिकल्स ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में उसने 503 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। दिसंबर तिमाही के दौरान कंपनी की परिचालन आय 3,303 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 2,809 करोड़ रुपये थी। इस दौरान कंपनी का कुल खर्च भी पिछले साल के 2,151 करोड़ रुपये से बढक़र 2,466 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी के निदेशक मंडल ने पांच रुपये के अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 29 रुपये के अंतरिम लाभांश को मंजूरी दी है।

