Sunday, July 5, 2026 |
Home Breaking Newsदेश का निर्यात सितम्बर में बढक़र 34.58 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंचा

देश का निर्यात सितम्बर में बढक़र 34.58 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंचा

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। देश के वस्तु निर्यात में दो महीने की गिरावट के बाद सितंबर में मामूली बढ़त दर्ज की गई है। सिंतबर में निर्यात 0.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 34.58 अरब डॉलर पर पहुंच गया। वहीं व्यापार घाटा कम होकर 20.78 अरब डॉलर रह गया।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में आयात 1.6 प्रतिशत बढक़र 55.36 अरब डॉलर हो गया, जो सितंबर, 2023 में 54.49 अरब डॉलर था। समीक्षाधीन महीने में व्यापार घाटा (आयात तथा निर्यात के बीच का अंतर) 20.8 अरब अमेरिकी डॉलर रहा। अगस्त में यह 10 महीने के उच्चतम स्तर 29.65 अरब अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया था।

भारत के वस्तु निर्यात में अगस्त माह में सालाना आधार पर 9.3 प्रतिशत और जुलाई में 1.2 प्रतिशत की गिरावट आई थी। चालू वित्त वर्ष 2024-25 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में निर्यात एक प्रतिशत बढक़र 213.22 अरब डॉलर हो गया, जबकि आयात 6.16 प्रतिशत बढक़र 350.66 अरब डॉलर रहा।

वित्त वर्ष की पहली छमाही में व्यापार घाटा 137.44 अरब डॉलर रहा। वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने बताया कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद सितंबर और इस वित्त वर्ष के पहले छह महीने में निर्यात में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है। निर्यात को बढ़ावा देने वाले महत्वपूर्ण कारकों में इंजीनियरिंग, रसायन, प्लास्टिक, औषधि, तैयार (रेडिमेड) वस्त्र और इलेक्ट्रॉनिक शामिल हैं। बर्थवाल ने कहा, ‘‘ वैश्विक कठिनाइयों के बावजूद हमने अच्छा प्रदर्शन किया है।’’ सोने का आयात सितंबर में बढक़र 4.39 अरब डॉलर हो गया, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 4.11 अरब डॉलर था।



You may also like

Leave a Comment