जयपुर | फरवरी 2026 | सामान्य बीमा क्षेत्र की अग्रणी कंपनी श्रीराम जनरल इंश्योरेंस कंपनी (SGI) ने वित्तीय वर्ष 2025–26 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर–दिसंबर) और चालू वित्त वर्ष की अब तक की अवधि (YTD: अप्रैल–दिसंबर 2025) में इंडस्ट्री से बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी का ग्रॉस डायरेक्ट प्रीमियम (GDP) और शुद्ध लाभ दोनों ही मोर्चों पर मजबूत वृद्धि देखने को मिली है, जिसमें मोटर बीमा कारोबार की अहम भूमिका रही।
वित्तीय वर्ष 2025–26 की तीसरी तिमाही में SGI का ग्रॉस डायरेक्ट प्रीमियम सालाना आधार पर 19% बढ़कर 1,258 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,061 करोड़ रुपये था। यह वृद्धि इंडस्ट्री के औसत 11% की तुलना में कहीं बेहतर रही।
अप्रैल–दिसंबर 2025 (YTD) की अवधि में कंपनी का GDP 24% की सालाना बढ़त के साथ 3,304 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह 2,654 करोड़ रुपये था। यह प्रदर्शन इंडस्ट्री की 9% औसत वृद्धि की तुलना में लगभग 2.8 गुना अधिक है।
लाभप्रदता पर फोकस का असर मुनाफे में दिखा
कंपनी की लाभप्रदता रणनीति के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। वित्तीय वर्ष 2025–26 की तीसरी तिमाही में SGI का शुद्ध लाभ 26% बढ़कर 165 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 131 करोड़ रुपये था।
कंपनी की बैलेंस शीट मजबूत बनी हुई है। 31 दिसंबर 2025 तक सॉल्वेंसी रेशियो 3.32 रहा, जो नियामकीय आवश्यकता 1.5 से कहीं अधिक है।
वितरण विस्तार से स्केल को मिला समर्थन
SGI का फिजिटल (फिजिकल + डिजिटल) मॉडल इसकी निरंतर वृद्धि का प्रमुख आधार बना हुआ है। वित्तीय वर्ष 2025–26 की तीसरी तिमाही तक कंपनी ने 14,262 नए वित्तीय सलाहकार जोड़े, जिससे कुल सलाहकारों की संख्या 1,01,474 हो गई।
इसी अवधि में कंपनी की शाखाओं की संख्या बढ़कर 285 हो गई, जो एक साल पहले 278 थी।
31 दिसंबर 2025 तक सक्रिय पॉलिसियों की संख्या 69 लाख तक पहुंच गई, जबकि पिछले वर्ष यह 64 लाख थी।
प्रबंधन की टिप्पणी
श्रीराम जनरल इंश्योरेंस कंपनी के एमडी एवं सीईओ अनिल अग्रवाल ने कहा,
“वित्तीय वर्ष 2025–26 की तीसरी तिमाही में हमारा प्रदर्शन मुख्य सेगमेंट्स में मजबूत क्रियान्वयन को दर्शाता है। मोटर पोर्टफोलियो में सालाना आधार पर अच्छी वृद्धि हमारे गहरे वितरण नेटवर्क और अनुशासित अंडरराइटिंग का परिणाम है। बेहतर क्लेम सर्विसिंग क्षमताओं ने इसे अतिरिक्त समर्थन दिया। लाभप्रदता मजबूत बनी रही, वहीं निवेश आय 17% बढ़कर 255 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वर्ष 217 करोड़ रुपये थी। आने वाले वर्षों में सतत विकास के लिए हम अपने सलाहकार और शाखा नेटवर्क का विस्तार जारी रखेंगे।”
SGI का अगला विकास चरण
कंपनी ने भविष्य की विकास रणनीति को लेकर स्पष्ट लक्ष्य तय किए हैं:
- डिस्ट्रिब्यूशन विस्तार: FY 2029–30 तक सलाहकारों की संख्या 2 लाख करने की योजना
- विकास लक्ष्य: चालू वित्त वर्ष का समापन 4,600 करोड़ रुपये GWP के साथ करने और 2030 तक 8,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने का लक्ष्य
- प्रोडक्ट विविधीकरण: पैरामीट्रिक इंश्योरेंस और श्योरिटी बॉन्ड इंश्योरेंस जैसे नए अवसरों पर विचार

