बिजनेस रेमेडीज। भागलपुर आधारित Sati Poly Plast Limited बहुक्रियाशील लचीली पैकेजिंग सामग्री बनाती है जो विभिन्न उद्योगों की पैकेजिंग आवश्यकताओं को पूरा करती है। कंपनी द्वारा कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के प्रोस्पेक्ट्स से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की।
कंपनी की कारोबारी गतिविधियां: जुलाई 1999 में स्थापित, सती पॉली प्लास्ट लिमिटेड बहुक्रियाशील लचीली पैकेजिंग सामग्री बनाती है जो विभिन्न उद्योगों की पैकेजिंग आवश्यकताओं को पूरा करती है। कंपनी ने दो विनिर्माण इकाइयां स्थापित की हैं। प्लांट 1 गौतमबुद्ध नगर, नोएडा में स्थित है, और प्रति माह 540 टन का उत्पादन कर सकता है। प्लांट 2 उद्योग केंद्र, नोएडा में स्थित है और इसकी स्थापित क्षमता 540 टन प्रतिमाह है। कंपनी ने 2018 और 2019 के बीच अपनी स्थापित क्षमता को लगातार 250 टन प्रति माह से बढ़ाकर 500 टन प्रति माह कर दिया है। कंपनी गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मेघालय, ओडिशा, पुडुचेरी, पंजाब और राजस्थान,असम, बिहार, छत्तीसगढ़, दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव दिल्ली जैसे राज्यों में अपनी पैकेजिंग सामग्री की आपूर्ति करती है। कंपनी के ग्राहकों में पिडिलाइट, अदानी विल्मर और जेवीएल शामिल हैं। 31 मार्च 2024 तक, कंपनी में कुल 135 ऑन रोल कर्मचारी थे।
प्रवर्तकों का अनुभव

62 वर्षीय बालमुकुंद झुनझुनवाला कंपनी के प्रमोटर,अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक हैं।उन्होंने कंपनी की कॉर्पोरेट इकाई की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और पैकेजिंग उद्योग के भीतर उनके पास लगभग 6 वर्षों की व्यापक विशेषज्ञता है।

36 वर्षीय आदित्य झुनझुनवाला कंपनी के प्रमोटर और कार्यकारी निदेशक और सीईओ हैं। उन्होंने एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा से मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन- इंटरनेशनल बिजनेस में डिग्री प्राप्त की है। उनके पास व्यवसाय विस्तार, विपणन पहल, व्यवहार्य बाजारों की पहचान और पैकेजिंग उद्योग में रणनीतिक योजना के क्षेत्र में 6 (छह) वर्षों का अनुभव है। उनकी विशेषज्ञता विपणन योजनाओं के निर्माण, ग्राहकों का प्रतिनिधित्व और कंपनी के उद्देश्यों से संबंधित लक्षित दर्शकों और बाजारों की समझ तक फैली हुई है।

23 वर्षीया केशव झुनझुनवाला कंपनी की प्रमोटर एवं गैर-कार्यकारी निदेशिका हैं। उनके पास भारती विद्यापीठ (मानित विश्वविद्यालय),पुणे से मार्केटिंग मैनेजमेंट में बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री है। उन्होंने हाल ही में कंपनी के साथ जुड़ाव शुरू किया है।

60 वर्षीया कंपनी प्रवर्तिका अनिता झुनझुनवाला कंपनी की प्रमोटर हैं। उनके पास राजस्थान विश्वविद्यालय से कला स्नातक की डिग्री है।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने कुल राजस्व 175.22 करोड़ रुपए एवं 28.23 लाख रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने कुल राजस्व 190.96 करोड़ रुपए एवं 3.08 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2024 में 179.40 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 3.28 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। कंपनी के वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी का राजस्व एवं लाभ वर्ष दर वर्ष बढ़ रहा है।
वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन 1.83 फीसदी दर्ज किया गया है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी की कुल असेट्स 56.37 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 12.30 करोड़ रुपए, रिजर्व एंड सरप्लस 8.69 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 25.20 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘सती पॉली प्लास्ट लिमिटेड’ का आईपीओ 12 जुलाई को एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर खुलकर 16 जुलाई 2024 को बंद होगा। कंपनी द्वारा 10 रुपये फेसवैल्यू के 13,35,550 शेयर बुक इश्यू प्रणाली से 123 रुपए से 130 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 17.36 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1000 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी बीलाईन एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

