जयपुर। महाराष्ट्र के सतारा आधारित ‘Saj Hotels Limited‘ आतिथ्य उद्योग में काम करने वाली प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा मौजूदा रिज़ॉर्ट संपत्तियों के विस्तार हेतु पूंजीगत व्यय आवश्यकताओं की पूर्ति,कंपनी की कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं के वित्तपोषण और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु NSE Emerge Platform पर IPO लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के प्रोस्पेक्ट्स से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।
यह करती है कंपनी: फरवरी 1981 में निगमित, Saj Hotels Limited आतिथ्य उद्योग में काम करती है और पारंपरिक रिसॉर्ट आवास, विला और रेस्तरां और बार संपत्तियों के संचालन सहित विविध प्रकार की सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी देश-विदेश के मेहमानों को एक यादगार अनुभव सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सेवाएँ प्रदान करती है। कंपनी विभिन्न गंतव्यों पर आवास विकल्पों की एक श्रृंखला सेवा के रूप में प्रदान करती है और प्रत्येक को आराम एवं सुविधा प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है।कंपनी तीन रिज़ॉर्ट संपत्तियों की मालिक है । दो का प्रबंधन और संचालन साज द्वारा किया जाता है, जबकि एक दूसरों को पट्टे पर दिया गया है। कंपनी के रिसॉर्ट्स बहुमुखी कार्यक्रम स्थल हैं, जो सम्मेलनों, शादियों और सामाजिक कार्यक्रमों की मेजबानी करने में सक्षम हैं। कंपनी ने अपनी पहुंच का विस्तार करने और अपने आतिथ्य पोर्टफोलियो में विविधता लाने के लिए माई ओन रूम्स डॉट इन प्राइवेट लिमिटेड में 50 फीसदी का निवेश किया है। मई 2024 तक, कंपनी के विभिन्न विभागों में 144 कर्मचारी हैं। कंपनी क्विक सर्विस रेस्टोरेंट बिजनेस मॉडल पर गंभीर है और राष्ट्रीय स्तर का ब्रांड विकसित करने की योजना पर कार्य कर रही है। कंपनी प्रबंधन असेट लाइट बिजनेस मॉडल को अपनाते हुए लीज बेसिस पर क्यूएसआर सेगमेंट में आगे बढ़ने की ओर अग्रसर है।
वित्तीय प्रदर्शन : वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने कुल राजस्व 12.87 करोड़ रुपए एवं 1.44 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2023 में 12.82 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 3.55 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 14.55 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 3.44 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। कंपनी के वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ वर्ष दर वर्ष बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन 24.23 फीसदी दर्ज किया गया है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी की असेट्स 98..08 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 17.34 करोड़ रुपए, 77.21 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 2.91 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का कर्ज इक्विटी अनुपात 0.17 गुना दर्ज किया गया है। इस आधार पर कह सकते हैं कि कंपनी पर कर्ज भार ना के बराबर है। रिजर्व एंड सरप्लस में करीब 71 करोड़ रुपए नेटवर्थ और बाकि के फ्री कैश फ्लो के हैं। रिजर्व के मुकाबले कंपनी द्वारा 104.81 करोड़ रुपए की मार्केट कैप पर आईपीओ लाया जा रहा है। इस आधार पर कंपनी का वैल्यूएशन काफी आकर्षक कहा जा सकता है।
प्रवर्तकों का अनुभव:
73 वर्षीय राहुल मगनलाल टिंबाडिया साज होटल्स लिमिटेड के प्रमोटरों में से एक हैं। उन्होंने 1980 में जय हिंद कॉलेज, बॉम्बे विश्वविद्यालय से रसायन विज्ञान (प्रिंसिपल) और वनस्पति विज्ञान (सहायक) में विज्ञान स्नातक की डिग्री पूरी की है। उनके पास आतिथ्य और रियल एस्टेट उद्योग में 3 दशकों से अधिक और मेटल ट्रेडिंग उद्योग में 1 दशक से अधिक का अनुभव है। वे अगस्त, 2014 से ला टिम मेटल एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हैं। ला टिम मेटल एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड एक सूचीबद्ध सार्वजनिक लिमिटेड कंपनी है जो कलर कोटेड कॉइल और प्रोफाइल शीट जैसे धातु उत्पादों के कारोबार में लगी हुई है।
71 वर्षीय कार्तिक मगनलाल टिंबाडिया साज होटल्स लिमिटेड के प्रमोटरों में से एक हैं। उन्होंने वर्ष 1974 में बॉम्बे विश्वविद्यालय से वाणिज्य स्नातक की डिग्री पूरी की है। उनके पास आतिथ्य और रियल एस्टेट उद्योग में 3 दशकों से अधिक और मेटल ट्रेडिंग उद्योग में 2 दशकों का अनुभव है। उनके पास ला टिम मेटल एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड और ला टिम लाइफ स्टाइल एंड रिसॉर्ट्स लिमिटेड में निदेशक का पद भी है।
42 साल के कर्ण कार्तिक टिंबाडिया साज होटल्स लिमिटेड के प्रमोटरों में से एक हैं। वह 8 मार्च, 2011 से बोर्ड का हिस्सा हैं और वर्तमान में 29 मार्च, 2024 से कंपनी के प्रबंध निदेशक के रूप में नामित हैं। उन्होंने वर्ष 2005 में कोहिनूर आईएमआई विश्वविद्यालय से होटल प्रबंधन में उच्च डिप्लोमा किया है। उनके पास आतिथ्य और रियल एस्टेट उद्योग में 1 दशक से अधिक का अनुभव है। उनकी देखरेख में, साज होटल्स ने 2 नए रिसॉर्ट्स खोले हैं, यानी साज बाय द लेक, मालशेज और साज इन द फॉरेस्ट, पेंच। उनके पास सितंबर, 2023 से खाद्य और पेय क्षेत्र में संलग्न परहेप्स फूड प्राइवेट लिमिटेड में निदेशक का पद भी है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘Saj Hotels Limited‘ का आईपीओ एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर 27 सितंबर को खुलकर 1 अक्टूबर 2024 को बंद होगा।
कंपनी द्वारा 10 रुपए फेसवैल्यू के 42,50,000 शेयर 65 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 27.63 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 2000 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी कॉर्पविस एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

