जयपुर। NCDEX ने राधाकिशन दमानी और मधुसूदन केला सहित शीर्ष निवेशकों से 770 करोड़ रुपए जुटाए हैं। इस प्रेफरेंशियल शेयर इश्यू में संस्थागत और वैश्विक निवेशकों, घरेलू दलालों और अमीर निवेशकों ने भाग लिया था। एनसीडीईएक्स की योजना इस धनराशि का उपयोग एक एक्सचेंज प्लेटफॉर्म स्थापित करने और इक्विटी एवं डेरिवेटिव बाजार में प्रवेश करने के लिए करने की है। एनसीडीईएक्स का उद्देश्य एनएसई और बीएसई के साथ प्रतिस्पर्धा करना है।
उक्त निवेश के बाद एनसीडीईएक्स का अनलिस्टेड शेयर फोकस में आ गया। खबरों के अनुसार एनसीडीईएक्स का अनलिस्टेड शेयर करीब 15 फ़ीसदी बढ़ गया।
रिटेल चेन डीमार्ट के संस्थापक और अध्यक्ष राधाकिशन दमानी ने 60 अन्य निवेशकों के साथ एनसीडीईएक्स के प्रेफरेंसियल शेयर इश्यू में भाग लिया था, जिनमें संस्थागत निवेशक और एचएनआई शामिल थे।
प्रेफरेंशियल शेयर इश्यू में अमेरिका स्थित सिटाडेल सिक्योरिटीज प्रिंसिपल इन्वेस्टमेंट्स, टावर रिसर्च कैपिटल, प्राइवेट इक्विटी फर्म अकेशिया पार्टनर्स, ग्लोब कैपिटल, ऑनलाइन ब्रोकिंग फर्म जीरोधा और ग्रो, शेयर इंडिया सिक्योरिटीज और जैनम ब्रोकिंग कुछ प्रमुख निवेशक थे, जिन्होंने एनसीडीईएक्स प्रेफरेंसियल शेयर खरीदे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, एनसीडीईएक्स इस फंड का इस्तेमाल इक्विटी सेगमेंट में प्रवेश करने के लिए करेगा और इसके लिए वह एनएसई और बीएसई से प्रतिस्पर्धा करने के लिए अपना खुद का स्टॉक मार्केट एक्सचेंज लॉन्च करेगा। कंपनी कैश इक्विटी सेगमेंट से शुरुआत करेगी और बाद में अपने ऑफरिंग को डेरिवेटिव सेगमेंट में बढ़ाएगी। इस प्रेफरेंसियल इश्यू के जरिए जुटाई गई पूंजी का इस्तेमाल प्लेटफॉर्म और नए उत्पाद विकास, अनुपालन और आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए किया जाएगा।
गौरतलब है कि जुलाई 2025 में, कंपनी को इक्विटी और इक्विटी डेरिवेटिव ट्रेडिंग शुरू करने के लिए बाजार नियामक सेबी से सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई। इस साल की शुरुआत में, कंपनी के बोर्ड ने अपनी इक्विटी पेशकशों को शुरू करने की मंज़ूरी दे दी, जो व्यवसाय में विविधता लाने की योजना का हिस्सा हैं।
एनसीडीईएक्स एक कमोडिटी एक्सचेंज है जो तिलहन, अनाज, दालें और मसालों जैसी कृषि और कुछ गैर-कृषि वस्तुओं के वायदा अनुबंधों के व्यापार के लिए एक प्लेटफॉर्म संचालित करता है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई), एलआईसी, नाबार्ड, आईसीआईसीआई बैंक और इफ्को जैसी प्रमुख वित्तीय और सरकारी संस्थाएँ एनसीडीईएक्स के कुछ प्रमुख शेयरधारक हैं।

