Sunday, October 18, 2026 |
Home Editorialविरोध-प्रदर्शन : दीपावली के मुहाने पर खड़े व्यापारियों का संकट

विरोध-प्रदर्शन : दीपावली के मुहाने पर खड़े व्यापारियों का संकट

by Business Remedies
0 comments

देश की राजधानी दिल्ली में आए दिन होने वाले विरोध-प्रदर्शन, धरने और रैलियां अब केवल यातायात और आम जनता की परेशानी तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि इन्होंने शहर की आर्थिकी को भी गहरी चोट पहुंचाना शुरू कर दिया है। विशेष रूप से त्योहारी सीजन के मुहाने पर खड़े राजधानी के प्रमुख व्यापारिक केंद्र इन प्रदर्शनों की भारी कीमत चुका रहे हैं। एक अनुमान के मुताबिक, इन बाधाओं के कारण दिल्ली के बाजारों को रोजाना लगभग 100 करोड़ रुपए तक का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है, जो व्यापार जगत के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है। कनॉट प्लेस, जनपथ, पालिका बाजार, शंकर मार्केट और खान मार्केट जैसे दिल्ली के ऐतिहासिक और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में इन दिनों ग्राहकों की भारी कमी देखी जा रही है। आमतौर पर अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर का यह त्रैमास व्यापारियों के लिए साल का सबसे महत्वपूर्ण और बंपर कमाई का समय होता है। दीपावली, धनतेरस, भैयादूज और विवाह समारोहों के इस सीजन पर पूरे साल का कारोबार टिका होता है। व्यापारी इसी अवधि में हुई कमाई से अपने सालभर के वित्तीय संतुलन को साधते हैं। किंतु, बार-बार के विरोध-प्रदर्शनों और सुरक्षा के मद्देनजर लगने वाले प्रतिबंधों के कारण खरीदार इन बाजारों का रुख करने से कतराने लगे हैं। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए दिल्ली के व्यापारी वर्ग में भारी रोष व्याप्त है। व्यापारी संघ लगातार प्रशासन से यह मांग कर रहे हैं कि व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों के आसपास विरोध-प्रदर्शनों पर सख्त रोक लगाई जाए या इनके लिए कोई वैकल्पिक स्थान निर्धारित किया जाए। राजधानी के बाजारों में अनिश्ख्चितता का माहौल बनने से न केवल स्थानीय दुकानदारों और खुदरा विक्रेताओं का रोजगार खतरे में पड़ रहा है, बल्कि इससे आपूर्ति श्रृंखला और आर्थिक चक्र भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लोकतंत्र में विरोध जताना हर नागरिक का मौलिक अधिकार है, किंतु यह अधिकार दूसरों के जीविकोपार्जन और व्यापार करने के अधिकार को बाधित नहीं करना चाहिए। यदि त्योहारी सीजन में व्यापार का यह पहिया इसी तरह थमता रहा, तो इससे न केवल व्यापारियों को भारी घाटा होगा, बल्कि इसका असर अंतत: राज्य की अर्थव्यवस्था और रोजगार पर भी पड़ेगा। समय की मांग है कि दिल्ली प्रशासन, पुलिस और व्यापारिक संगठनों के बीच समन्वय स्थापित कर कोई ठोस समाधान निकाला जाए। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि राजधानी की रौनक और उसका व्यापारिक महत्व बरकरार रहे, ताकि त्योहारों के इस उल्लासपूर्ण समय में दिल्ली का व्यापारी चैन की सांस ले सके और अपनी आजीविका सुरक्षित रख सके।



You may also like

Leave a Comment