हरिद्वार, 22 जनवरी 2026। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने हरिद्वार स्थित पतंजलि इमरजेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण किया और योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और आधुनिक एलोपैथी के समन्वय पर आधारित इस पहल को विश्व का पहला इंटीग्रेटेड हाइब्रिड हॉस्पिटल बताया।
गृह मंत्री ने कहा कि पतंजलि द्वारा विकसित यह मॉडल न केवल भारत, बल्कि वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य सेवा की दिशा बदलने की क्षमता रखता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारत पूरी दुनिया का हेल्थ डेस्टिनेशन बनेगा और शिक्षा, चिकित्सा व स्वस्थ जीवनशैली के क्षेत्र में दुनिया भारत से मार्गदर्शन लेगी।
कार्यक्रम में योगगुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्वामी रामदेव ने कहा कि यह अस्पताल पतंजलि परिवार के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। यहां 90–99 प्रतिशत रोगियों का उपचार योग, आयुर्वेद, नेचुरोपैथी, पंचकर्म और जीवनशैली सुधार के माध्यम से करने का प्रयास किया जाएगा और सर्जरी, स्टेंट, पेसमेकर या दवाओं का उपयोग केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि पतंजलि गैर-जरूरी दवा, गैर-जरूरी ऑपरेशन और गैर-जरूरी जांच के सख्त खिलाफ है।
स्वामी रामदेव ने बताया कि पतंजलि ने बीपी, डायबिटीज, थायरॉइड, किडनी, लिवर और हृदय रोगों के उपचार में उल्लेखनीय परिणाम हासिल किए हैं, जिनके पीछे मजबूत क्लिनिकल और रियल-वर्ल्ड एविडेंस मौजूद है। देश-विदेश के 25 से अधिक प्रमुख मेडिकल संस्थानों और भारत के कई एम्स के साथ संयुक्त रिसर्च भी की जा रही है।
आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि यह अस्पताल उन क्रिटिकल और इमरजेंसी कंडीशंस के लिए स्थापित किया गया है, जहां पहले केवल आधुनिक चिकित्सा की जरूरत पड़ती थी। अब पतंजलि में इमरजेंसी, ट्रॉमा केयर, हाई-एंड ICU, वेंटिलेटर सपोर्ट और क्रिटिकल केयर एंबुलेंस जैसी सुविधाएं 24×7 उपलब्ध रहेंगी।
उन्होंने बताया कि 250 बेड क्षमता वाले इस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में
- कार्डियोलॉजी (कैथ लैब, एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी, पेसमेकर)
- न्यूरोसर्जरी (ब्रेन व स्पाइन सर्जरी)
- ऑर्थोपेडिक्स (जॉइंट रिप्लेसमेंट, ट्रॉमा सर्जरी)
- जनरल सर्जरी, स्त्री रोग, नेफ्रोलॉजी व डायलिसिस,
- तथा 24×7 अत्याधुनिक इमेजिंग और डायग्नोस्टिक सेंटर (MRI, डिजिटल एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड) की सुविधाएं मौजूद हैं।
पतंजलि प्रबंधन का कहना है कि यह अस्पताल केवल रोग का इलाज नहीं करेगा, बल्कि रोग की जड़ पर काम करते हुए समग्र और टिकाऊ स्वास्थ्य की दिशा में एक नया युग शुरू करेगा।




