वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान जापान और कोरिया में निफ्टी इंडेक्स को ट्रैक करने वाले कुल 11 नए पैसिव फंड (एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स और इंडेक्स फंड्स) लॉन्च किए गए। इनमें से 9 फंड निफ्टी 50 इंडेक्स को ट्रैक करते हैं, जबकि एक फंड निफ्टी इंडिया कॉर्पोरेट ग्रुप इंडेक्स – टाटा ग्रुप 25% को और एक अन्य निफ्टी मिडकैप 50 इंडेक्स को ट्रैक करता है। वर्तमान में, भारत के बाहर निफ्टी इंडेक्स को ट्रैक करने वाले 33 पैसिव फंड मौजूद हैं, जिनका कुल AUM (एसेट अंडर मैनेजमेंट) 4.3 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। ये उत्पाद विश्व के प्रमुख एसेट मैनेजर्स द्वारा लॉन्च किए गए हैं।
फरवरी 2025 के अंत तक, भारत में इक्विटी एवं डेट दोनों मिलाकर पैसिव फंड्स का कुल AUM ₹9.8 लाख करोड़ है, जिसमें से 73% निफ्टी इंडेक्स को ट्रैक करता है। भारत में विभिन्न निफ्टी इंडेक्स को ट्रैक करने वाले कुल 391 पैसिव फंड्स हैं, जिनका कुल AUM ₹7.1 लाख करोड़ है।
श्री अनिरुद्ध चटर्जी, प्रबंध निदेशक, एनएसई इंडेसेस लिमिटेड ने कहा: “भारत-केंद्रित पैसिव निवेश उत्पादों के लिए वैश्विक एसेट मैनेजर्स के बीच मांग में तेजी से वृद्धि हो रही है। वित्त वर्ष 2024-25 एनएसई इंडेसेस के लिए एक ऐतिहासिक वर्ष रहा है, जिसमें भारत के बाहर निफ्टी इंडेक्स आधारित 11 पैसिव उत्पादों की सफल लॉन्चिंग हुई है। हमें विश्वास है कि यह रुझान जारी रहेगा और चालू वित्त वर्ष में कई भारत-केंद्रित पैसिव उत्पाद वैश्विक स्तर पर पेश किए जाएंगे। हम अपने ग्राहकों के साथ सहयोग करते हुए इन उत्पादों के लिए नवाचारी भारत-केंद्रित इंडेक्स विकसित करने और लॉन्च करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

