बिजनेसर रेमेडीज/जयपुर। कोलकाता आधारित ‘एनआईएस मैनेजमेंट लिमिटेड’ सिक्योरिटी और फैसिलिटी मैनेजमेंट क्षेत्र में कार्यरत प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर 28 अगस्त को बंद होगा।
कारोबारी गतिविधियां: 1985 में निगमित, कोलकाता आधारित एनआईएस मैनेजमेंट लिमिटेड सुरक्षा और सुविधा प्रबंधन व्यवसाय में संलग्न है। कंपनी कई प्रकार की सेवाएँ प्रदान करती है, जिनमें मानवयुक्त सुरक्षा, इलेक्ट्रॉनिक निगरानी, सुविधा प्रबंधन, पेरोल प्रोसेसिंग और हाउसकीपिंग शामिल हैं। कंपनी ने उल्लेखनीय वृद्धि का अनुभव किया है, और 1985 में पाँच लोगों के संचालन से बढक़र सुरक्षा सेवा उद्योग में एक महत्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज की है।
वित्तीय प्रदर्शन: कंसोलिडेटेड बैलेंस शीट के अनुसार वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 341.93 करोड़ रुपए का राजस्व और 16.14 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 380.06 करोड़ रुपए का राजस्व और 18.39 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 405.33 करोड़ रुपए का राजस्व और 18.68 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि साल दर साल कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन अच्छा होता जा रहा है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 4.61 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘एनआईएस मैनेजमेंट लिमिटेड’ का आईपीओ बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आज खुलकर 28 अगस्त 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 54,06,000 शेयर 105 से 111 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 60.01 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। इनमें से शेयरधारकों द्वारा 7,44,000 शेयर ऑफर फॉर सेल के माध्यम से बिक्री कर 8.26 करोड़ रुपए हासिल किए जाएंगे। कंपनी के आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1200 शेयरों का है और रिटेल निवेशकों को कुल 2 लॉट के लिए आवेदन करना होगा। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी शेयर इंडिया कैपिटल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नही है।

