Sunday, February 1, 2026 |
Home » Kotak Mahindra Bank का तीसरी तिमाही का शुद्ध लाभ चार प्रतिशत बढ़कर 3,446 करोड़ रुपये रहा

Kotak Mahindra Bank का तीसरी तिमाही का शुद्ध लाभ चार प्रतिशत बढ़कर 3,446 करोड़ रुपये रहा

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। निजी क्षेत्र के Kotak Mahindra Bank का वित्त वर्ष 2025-26 की दिसम्बर तिमाही में एकल शुद्ध लाभ चार प्रतिशत बढ़कर 3,446 करोड़ रुपये रहा। मुंबई स्थित Kotak Mahindra Bank ने पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 3,305 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था। Kotak Mahindra Bank ने शनिवार को शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि आलोच्य तिमाही के दौरान उसकी कुल आय बढ़कर 16,741 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वर्ष की इसी तिमाही में 16,050 करोड़ रुपये थी।

इस दौरान बैंक की ब्याज आय भी पिछले साल के 13,428 करोड़ रुपये से बढ़कर 13,903 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। बैंक की शुद्ध ब्याज आय (NII) आलोच्य तिमाही में बढ़कर 7,565 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले इसी अवधि में 7,196 करोड़ रुपये थी। हालांकि, बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन (NIM) पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के 4.93 प्रतिशत से गिरकर 4.54 प्रतिशत रह गया।परिसंपत्ति गुणवत्ता के मोर्चे पर, बैंक के सकल गैर-निष्पादित आस्तियां (NPA) अनुपात में सुधार हुआ और यह 31 दिसम्बर, 2025 तक घटकर 1.30 प्रतिशत रह गया, जो एक साल पहले 1.50 प्रतिशत था। इसी तरह शुद्ध NPA भी 0.41 प्रतिशत से घटकर 0.31 प्रतिशत पर आ गया।

दिसम्बर तिमाही में बैंक का संभावित ऋण नुकसान के लिए ‘प्रावधान’ बढ़कर 810 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 794 करोड़ रुपये था। आलोच्य तिमाही के दौरान, बैंक का पूंजी पर्याप्तता अनुपात मामूली रूप से घटकर 22.63 प्रतिशत रह गया, जो दिसम्बर 2024 के अंत में 22.79 प्रतिशत था। समेकित आधार पर, Kotak Mahindra Bank का शुद्ध लाभ पांच प्रतिशत बढ़कर 4,924 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में 4,701 करोड़ रुपये था। दिसम्बर तिमाही के एकीकृत लाभ में नए श्रम कानूनों के कारण 98 करोड़ रुपये की अनुमानित अतिरिक्त लागत भी शामिल है। 31 दिसम्बर, 2025 तक बैंक के प्रबंधन के तहत कुल ग्राहक परिसंपत्तियां (AUM) बढ़कर 7,87,950 करोड़ रुपये हो गईं, जो एक साल पहले 6,85,134 करोड़ रुपये थीं। बैंक के अनुसार, 31 दिसम्बर, 2025 तक बैंक की एकीकृत कुल संपत्ति 1,75,251 करोड़ रुपये थी।



You may also like

Leave a Comment