बिजनेस रेमेडीज। उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद आधारित ‘VVIP Infratech Limited’ इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में संलग्न देश की प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा पूंजीगत व्यय, कार्यशील पूंजी की आवश्यकताओं और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु BSE SME Platform पर IPO लाया जा रहा है। कंपनी का IPO आज खुलकर २५ जुलाई को बंद होगा।
VVIP Infratech Limited, मूल रूप से विभोर बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के रूप में निगमित, 2001 में स्थापित एक इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी है। कंपनी मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, एनसीआर दिल्ली और भारत के अन्य उत्तरी हिस्सों में परियोजनाओं पर काम करती है। यह एक क्लास ‘ए’ सिविल और इलेक्ट्रिकल ठेकेदार है, जिसके पास सीवरेज, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, वॉटर टैंक, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, सेक्टर विकास कार्य, बिजली वितरण और सबस्टेशन 33 केवीए, जल जीवन मिशन आदि इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के निष्पादन और निर्माण में दो दशकों से अधिक का अनुभव है।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने कुल राजस्व 185.26 करोड़ रुपए एवं 4.52 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2023 में 210.56 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 13.57 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2024 में 30 सितंबर 2023 तक कंपनी ने 121.96 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 12.26 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। कंपनी के वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी का राजस्व एवं लाभ वर्ष दर वर्ष बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2024 में 30 सितंबर 2023 तक कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन 10.05 फीसदी दर्ज किया गया है। वित्त वर्ष 2024 में 30 सितंबर 2023 तक कंपनी की कुल असेट्स 264.80 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 66.71 करोड़ रुपए, रिजर्व एंड सरप्लस 81.11 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 35.25 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। नेटवर्थ के मुकाबले कंपनी का कर्ज काफी कम है। इस आधार पर कह सकते हैं कि कंपनी पर कर्ज भार अधिक नहीं है।
IPO के संबंध में जानकारी: ‘VVIP Infratech Limited’ का IPO BSE SME Platform पर आज खुलकर 25 जुलाई 2024 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपये फेसवैल्यू के 65,82,000 शेयर 91 रुपए से 93 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 61.21 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। IPO का मार्केट लॉट साइज 1200 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी शेयर इंडिया कैपिटल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

