2025-26 में 4 गीगावाट क्षमता वृद्धि को देखते हुए राजस्व और मुनाफे में पर्याप्त वृद्धि की आशा जयपुर। सोलर पैनल एवं सोलर एनर्जी से संबंधित अन्य गतिविधियों में संलग्न देश के प्रमुख कंपनियों में शामिल इन्सोलेशन एनर्जी लिमिटेड ने शेयर बाजारों को सूचित किया है कि 31 मार्च, 2025 को समाप्त वर्ष के लिए कंपनी का कंसोलिडेटेड अनऑडिटेड प्रोविजनल राजस्व 1,338 करोड़ रुपये रहा है, जो कि 31 मार्च, 2024 को समाप्त इसी अवधि के लिए 80.49 फीसदी से अधिक की वृद्धि है। इसके अतिरिक्त, डिस्पैच में वर्ष दर वर्ष की 81 फीसदी तीव्र वृद्धि हुई है।
कंपनी ने 1,338 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड अनऑडिटेड प्रोविजनल राजस्व आंकड़ा हासिल किया है, जो 31 मार्च, 2024 को समाप्त इसी अवधि के दौरान 741.32 करोड़ रुपये की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाता है। यह 80.49 फीसदी से अधिक की वृद्धि दर्शाता है, जो कंपनी की रणनीतिक पहलों के मजबूत निष्पादन और सकारात्मक बाजार गतिशीलता को दर्शाता है। प्रबंधन ने कहा कि कंपनी आने वाले वर्ष में और अधिक मील के पत्थर हासिल करने की उम्मीद कर रही है। कंपनी प्रबंधन को विश्वास है कि सभी हितधारकों के निरंतर समर्थन और विश्वास के साथ, इन्सोलेशन एनर्जी लिमिटेड इस सकारात्मक प्रगति को बनाए रखने और आगामी वर्षों में और अधिक सफलता प्राप्त करने की स्थिति में है।
आय में वृद्धि की स्पष्ट संभावना को देखते हुए, कंपनी प्रबंधन का मानना है कि वित्तीय वर्ष 2025-26, राजस्व और लाभप्रदता दोनों के मामले में वित्तीय वर्ष 2024-25 से काफी बेहतर होगा। कंपनी अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी इनसोलेशन ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के आगामी 3 गीगावाट क्षमता विस्तार को लेकर बहुत उत्साहित हैं, जिनमें से 2 गीगावाट का वाणिज्यिक उत्पादन वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में शुरू होना है और शेष 1 गीगावाट का वाणिज्यिक उत्पादन वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में शुरू होना है। इससे कंपनी की कुल क्षमता बढ़कर 4 गीगावाट हो जाएगी, जो कंपनी को मजबूत मांग को पूरा करके बड़ा राजस्व हासिल करने में सक्षम बनाएगी। वित्तीय वर्ष 2025-26 में कंपनी की 4 गीगावाट क्षमता वृद्धि को देखते हुए, कंपनी प्रबंधन को राजस्व और मुनाफे में पर्याप्त वृद्धि की आशा है।

