बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। घरेलू प्रौद्योगिकी कंपनी INDKAL Technologies ने ताइवान की कंपनी एसर इंक के साथ ट्रेडमार्क लाइसेंसिंग समझौते के तहत स्मार्टफोन बाजार में उतरने की बृहस्पतिवार को घोषणा की। कंपनी के बयान के अनुसार, इस समझौते के तहत इंडकल भारत में एसर ब्रांड के तहत स्मार्टफोन डिजाइन, विनिर्माण और वितरण करेगी। ये फोन इस साल पेश किये जाएंगे। इन स्मार्टफोन की कीमत 15 से 50 हजार रुपये के बीच होगी। इंडकल टेक्नोलॉजीज के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आनंद दुबे ने कहा, ‘‘एसर स्मार्टफोन के साथ हमें भरोसा है कि भारतीय उपभोक्ताओं को एक अच्छा अनुभव मिलेगा… एसर ब्रांड के सभी स्मार्टफोन भारत में डिजाइन और विनिर्मित किए जाएंगे जो इंडकल के लिए एक बड़ी उपलब्धि भी है।’’ एसर इंक में उपाध्यक्ष (ग्लोबल स्ट्रैटेजिक अलायंस) जेड झोउ ने कहा, ‘‘ एसर ब्रांड का लक्ष्य लोगों और प्रौद्योगिकी के बीच आने वाली बाधाओं को समाप्त करना रहा है। INDKAL Technologies भारत में इस मिशन को आगे बढ़ाते हुए एसर ब्रांड के तहत स्मार्टफोन की एक विस्तृत श्रृंखला पेश करेगी। इससे उपभोक्ताओं को नए विकल्प मिलेंगे और भारत के बाजार में उनके अनुभव और बेहतर होंगे।’’ एसर ब्रांड के स्मार्टफोन सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत भारत में ही बनाए जाएंगे।

