Monday, June 29, 2026 |
Home Banking and InsuranceICICI Bank का चौथी तिमाही का मुनाफा 18 प्रतिशत बढक़र 12,630 करोड़ रुपए

ICICI Bank का चौथी तिमाही का मुनाफा 18 प्रतिशत बढक़र 12,630 करोड़ रुपए

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/ मुंबई/आईएएनएस निजी क्षेत्र के देश के दूसरे सबसे बड़े ऋणदाता ICICI Bank  ने वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही के लिए मजबूत वित्तीय नतीजों की घोषणा की। उसका शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 18 प्रतिशत बढक़र 12,630 करोड़ रुपए हो गया है। बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि ब्याज से प्राप्त उसकी शुद्ध आय (NII) भी तिमाही के दौरान 11 प्रतिशत बढक़र 21,193 करोड़ रुपए पर पहुंच गई। पूरे वित्त वर्ष में ICICI Bank  ने कर बाद लाभ (PAT) में 15.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की और यह 47,227 करोड़ रुपए रहा। अपनी आय के साथ-साथ, बैंक ने 11 रुपये प्रति शेयर के लाभांश की भी घोषणा की है, जो इसकी आगामी वार्षिक आम बैठक में अनुमोदन के अधीन है। बैंक के प्रत्येक शेयर का अंकित मूल्य दो रुपए है।

ICICI Bank  ने एसेट क्वालिटी में भी सुधार दर्ज किया। इस साल 31 मार्च तक इसका सकल नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (एनपीए) अनुपात 1.67 प्रतिशत पर आ गया, जबकि पिछली तिमाही के अंत में यह 1.96 प्रतिशत और एक साल पहले 2.16 प्रतिशत था। इसी तरह, शुद्ध एनपीए अनुपात 0.39 प्रतिशत पर आ गया, जबकि पिछली तिमाही और पिछले साल की समान अवधि में यह 0.42 प्रतिशत था। पूर्ण रूप से, एनपीए 24,166.18 करोड़ रुपए पर आ गया, जबकि पिछली तिमाही में यह 27,745.33 करोड़ रुपए और एक साल पहले 27,961.68 करोड़ रुपए था। बैंक की फाइलिंग के अनुसार, तिमाही के दौरान, उसने 2,118 करोड़ रुपए के ऋण माफ किए और 2,786 करोड़ रुपये के ऋण बेचे। कर को छोडक़र प्रोविजन वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही में बढक़र 891 करोड़ रुपए हो गए, जबकि एक साल पहले यह 718 करोड़ रुपए और तीसरी तिमाही में 1,227 करोड़ रुपए था। मार्च 2025 के अंत में एनपीए के लिए बैंक का प्रोविजन कवरेज अनुपात 76.2 प्रतिशत रहा। ICICI Bank  की कुल जमाराशि 31 मार्च तक सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढक़र 16.11 लाख करोड़ रुपए हो गई। तिमाही आधार पर जमाराशि में 5.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई। जनवरी-मार्च अवधि के दौरान बैंक की औसत जमाराशि सालाना आधार पर 11.4 प्रतिशत और पिछली तिमाही से 1.9 प्रतिशत बढक़र 14.87 लाख करोड़ रुपए हो गई। औसत चालू खाता जमाराशि सालाना आधार पर 9.6 प्रतिशत बढ़ी, जबकि औसत बचत खाता जमाराशि में 10.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई। चौथी तिमाही के नतीजों से पहले आईसीआईसीआई बैंक का शेयर गुरुवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 3.73 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,407 रुपए पर बंद हुआ।

 



You may also like

Leave a Comment