Tuesday, July 21, 2026 |
Home AutomobileHyundai Motor India Limited ने 30,000 इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग पॉइंट्स तक पहुंच उपलब्ध कराई

Hyundai Motor India Limited ने 30,000 इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग पॉइंट्स तक पहुंच उपलब्ध कराई

Hyundai Motor India Limited ने सभी ब्रांडों के इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए शुरू किया एकीकृत चार्जिंग नेटवर्क

by Business Remedies
0 comments

नई दिल्ली | बिजनेस रेमेडीज | देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनी Hyundai Motor India Limited (HMIL) ने सोमवार को घोषणा की कि अब इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) उपयोगकर्ता उसके myHyundai App के माध्यम से देशभर में 30,000 से अधिक चार्जिंग पॉइंट्स तक पहुंच बना सकेंगे। इसके साथ ही, एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध भारत के सबसे बड़े एकीकृत इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग नेटवर्क में से एक का लाभ ग्राहकों को मिलेगा।

कंपनी ने बताया कि यह प्लेटफॉर्म प्रमुख Charge Point Operators (CPOs) और सेवा प्रदाताओं के सहयोग से विकसित किया गया है तथा यह सभी ब्रांडों के इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के लिए उपलब्ध है। नजदीकी चार्जिंग स्टेशन खोजने के अलावा, myHyundai App के जरिए उपयोगकर्ता चार्जिंग स्टेशन तक नेविगेट कर सकते हैं, पहले से चार्जिंग स्लॉट बुक कर सकते हैं और एकीकृत इंटरफेस के माध्यम से डिजिटल भुगतान भी कर सकते हैं।

Hyundai Motor India Limited (HMIL) ने कहा कि यह एकीकृत नेटवर्क देशभर में औसतन 25 किलोमीटर के दायरे में चार्जिंग सुविधाओं तक पहुंच उपलब्ध कराता है। इसमें Delhi-Gurugram-Jaipur, Mumbai-Pune-Bengaluru, Mumbai-Ratnagiri-Goa, Chennai-Vellore-Bengaluru और Hyderabad-Kurnool-Bengaluru जैसे प्रमुख राजमार्ग कॉरिडोर भी शामिल हैं।

Hyundai Motor India Limited (HMIL) के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) Tarun Garg ने कहा कि भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने में चार्जिंग अवसंरचना एक महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा, “myHyundai App पर 30,000 से अधिक चार्जिंग प्वाइंट्स को एकीकृत कर हम ईवी उपयोगकर्ताओं को एक ही प्लेटफॉर्म के माध्यम से भारत के सबसे बड़े चार्जिंग नेटवर्क में से एक तक पहुंच उपलब्ध करा रहे हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह प्लेटफॉर्म सभी ब्रांडों के ईवी मालिकों के लिए खुला है, जो भारत के व्यापक इलेक्ट्रिक वाहन इकोसिस्टम के विकास के प्रति HMIL की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।”

इसके अलावा, कंपनी ने वर्ष 2030 तक अपने स्वामित्व वाले DC Fast Public Charging Network का विस्तार करने की योजना की भी घोषणा की। इसके तहत मौजूदा 183 स्टेशनों की संख्या बढ़ाकर 600 की जाएगी।

HMIL के अनुसार, उसकी चार्जिंग अवसंरचना के माध्यम से अब तक 3 लाख से अधिक ईवी चार्जिंग सत्र पूरे किए जा चुके हैं और 50 लाख किलोवाट-घंटे (kWh) से अधिक ऊर्जा उपलब्ध कराई गई है। कंपनी ने दावा किया कि उसके चार्जिंग स्टेशनों के उपयोग से अब तक लगभग 35 लाख किलोग्राम कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन को रोका जा सका है। कंपनी चालू वित्त वर्ष के दौरान एक मास-मार्केट इलेक्ट्रिक SUV लॉन्च कर अपने इलेक्ट्रिक वाहन पोर्टफोलियो को और मजबूत करने की भी तैयारी कर रही है।



You may also like

Leave a Comment